शेखपुरा: विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की पहल के तहत महिलाओं को हुनरमंद और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में 25 हजार महिलाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी कड़ी में कैनरा बैंक RSETI, शेखपुरा की ओर से चेवाड़ा प्रखंड की छठियारा पंचायत के सिंझौरी गांव स्थित सामुदायिक भवन में 35 जीविका दीदियों के लिए 12 दिवसीय डेयरी प्रबंधन प्रशिक्षण शुरू किया गया।
दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ प्रशिक्षण का उद्घाटन
प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन RSETI निदेशक राजीव रंजन और वरीय संकाय रघुवीर कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान प्रशिक्षण में शामिल जीविका दीदियों को डेयरी प्रबंधन से जुड़े जरूरी कौशल और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई।
निदेशक राजीव रंजन ने बताया कि RSETI के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार के लिए तैयार किया जाता है।
72 तरह के प्रशिक्षण की सुविधा, भोजन और आवास भी निशुल्क
राजीव रंजन ने बताया कि RSETI में करीब 72 प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को निशुल्क प्रशिक्षण के साथ भोजन और आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कौशल प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे अपने स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तैयार कर सकें।
साइबर फ्रॉड से बचाव की भी दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साइबर फ्रॉड से सावधान रहने की सलाह भी दी गई। प्रशिक्षकों ने बैंक खातों से जुड़ी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने की बात कही।
जीविका प्रतिनिधि समेत कई लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में जीविका के प्रतिनिधि पप्पू कुमार और सीएफएल इंचार्ज विमल कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
12 दिवसीय डेयरी प्रबंधन प्रशिक्षण के माध्यम से जीविका दीदियों को डेयरी क्षेत्र से जुड़े व्यावहारिक कौशल प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे प्रशिक्षण के बाद इस क्षेत्र में स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।
ये खबर भी पढ़े: बक्सर के पोस्टमार्टम हाउस में शव घसीटकर ले जाने का VIDEO वायरल, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप!