बेगूसराय: नगर थाना क्षेत्र में एनएच किनारे स्थित एक होटल में युवती के साथ मारपीट और दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। पीड़िता के बयान पर नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी रोहित कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 27 सितंबर की सुबह की बताई जा रही है। आरोप है कि युवती को उसके परिचित एक युवक ने बाइक से होटल पहुंचाया, जहां उसे दूसरे युवक के हवाले कर दिया गया। इसके बाद भगवानपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर निवासी रोहित कुमार पर होटल के कमरे में युवती के साथ मारपीट और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के दौरान उसके साथ मारपीट की गई और बाद में आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। घटना के बाद पीड़िता ने नगर थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु ने बताया कि होटल में युवती के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत मिली है और घटना से संबंधित वीडियो भी पुलिस के संज्ञान में आया है। पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मामले की जांच के तहत होटल और आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है। साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने वीडियो की सत्यता और उसके प्रसार से जुड़े पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है।
ये खबर भी पढ़े: प्रेम प्रसंग के विवाद में युवती पर चाकू से हमला, आरोपी फरार; CCTV और FSL से जांच तेज!