वैशाली: महुआ थाना क्षेत्र के रामचंद्र चौक के पास चेन झपटमारी के आरोप में दो युवकों को ग्रामीणों द्वारा पकड़ने और उनके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों पर आरोप है कि उन्होंने एक युवक को शीशम के पेड़ से बांधकर पीटा। इसके बाद दोनों युवकों का सिर मुंडवाकर उन्हें गांव में घुमाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को भीड़ के बीच से निकालकर थाने ले गई।
बताया गया कि 4 सितंबर को बाइक सवार दो युवकों ने रामचंद्र चौक के पास रहने वाली सरोज देवी से बेलकुंडा जाने का रास्ता पूछा था। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने महिला के गले से सोने के दो जितिया झपट लिए और बाइक से फरार हो गए।
महिला ने पहचानकर मचाया शोर
रविवार को सरोज देवी ने कथित तौर पर उन्हीं दोनों युवकों को पल्सर बाइक से उसी रास्ते से गुजरते देखा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण जुट गए और दोनों युवकों को बाइक समेत पकड़ लिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान एक युवक ने जितिया झपटने की बात स्वीकार की। उसने कथित तौर पर बताया कि दोनों जितिया रानी पोखर चौक स्थित एक सोना-चांदी दुकानदार को 5 हजार रुपये में बेच दिए गए थे।
इसके बाद ग्रामीण संबंधित दुकानदार के पास पहुंचे। दुकानदार ने दोनों जितिया खरीदने की बात स्वीकार करते हुए उन्हें वापस कर दिया।
भीड़ के बीच पुलिस ने दोनों को थाने पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलने पर महुआ थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने डायल-112 की टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने दोनों युवकों को भीड़ के बीच से निकालकर सुरक्षित थाने पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवकों की पहचान विजय कुमार, पिता कपूरचंद्र पासवान, निवासी धर्मपुर वार्ड-12, पंचायत रामपुर रचनाकार उर्फ सरसई और करण कुमार, पिता अमरनाथ पासवान, निवासी धर्मपुर वार्ड-12 के रूप में हुई है।
मामले में पुलिस झपटमारी की घटना के साथ-साथ युवकों के साथ कथित मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने की घटना की भी जांच कर रही है। कानून हाथ में लेने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
ये खबर भी पढ़े: NTPC की घेराबंदी से रास्ता बंद, दर्जनों गांवों के ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी; भाकपा माले ने दी आंदोलन की चेतावनी!