पटना: राजधानी पटना से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी इलाके में एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक सड़क किनारे पैदल जा रहा था, तभी तेज रफ्तार बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और जमकर हंगामा शुरू कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने दुर्घटनाग्रस्त बस को आग के हवाले कर दिया। इसके साथ ही पुलिस चेक पोस्ट में भी आगजनी की गई।
जानकारी के अनुसार, उपद्रवियों ने 2 पुलिस वाहनों में भी आग लगा दी, जबकि कई अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की गई। कई बसों के शीशे तोड़ दिए गए और कई बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
10 किलोमीटर तक लगा लंबा जाम
हंगामे के कारण बड़ी पहाड़ी इलाके में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में कई स्कूल बसें भी फंस गईं, जिससे बच्चों और अभिभावकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की कई टीमों को मौके पर तैनात किया है। अधिकारी लोगों को समझाने और यातायात व्यवस्था सामान्य करने में जुटे हैं।
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल मृत युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही आगजनी और तोड़फोड़ करने वालों की पहचान के लिए घटनास्थल के वीडियो और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।