नालंदा: रविवार देर रात नालंदा में अपराधियों ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरा इलाका दहशत में आ गया। दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय में हथियारबंद डकैतों ने बीज कारोबारी राजीव रंजन कुमार के घर धावा बोलकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और करीब एक घंटे तक खुलेआम लूटपाट करते रहे।
डकैतों की संख्या करीब एक दर्जन बताई जा रही है। नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे और सबसे पहले नीचे सो रहे बुजुर्ग दंपती को काबू में लिया। विरोध करने पर उनके साथ बेरहमी की गई—गहने नोच लिए, मुंह पर टेप लगाकर हाथ बांध दिए।
बच्चे का गला दबाकर डराया, फिर खुली तिजोरी
ऊपरी मंजिल पर पहुंचते ही डकैतों ने कारोबारी, उनकी पत्नी और बच्चों को भी बंधक बना लिया। तिजोरी की चाबी नहीं देने पर बदमाशों ने मारपीट की और छोटे बच्चे को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर पूरे परिवार को तोड़ दिया। डर के साये में तिजोरी खुली… और फिर शुरू हुई ‘सफाई’।
कैश, सोना, चांदी, डायमंड—सब साफ!
पीड़ितों के मुताबिक बदमाश 45 लाख रुपये नकद, करीब 40 भर सोना, तीन किलो चांदी और लाखों के डायमंड जेवर समेटकर ले गए। घर के अंदर करीब एक घंटे तक उनका कब्जा रहा, जबकि बाहर भी उनके साथी निगरानी कर रहे थे।
लोकल कनेक्शन या इंटरस्टेट गैंग?
डकैतों की बातचीत स्थानीय भाषा में होने से ‘इनसाइड इनपुट’ यानी लाइनर की भूमिका पर शक गहराया है। पुलिस अंतरराज्यीय गिरोह के एंगल से भी जांच कर रही है। वारदात के बाद परिवार को कमरे में बंद कर बदमाश मुख्य गेट का ताला काटकर फरार हो गए।
पुलिस हरकत में, CCTV खंगाले जा रहे
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही गिरोह का खुलासा किया जाएगा।
कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल
इस सनसनीखेज डकैती ने नालंदा में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं—आखिर एक घंटे तक डकैत घर में तांडव मचाते रहे और किसी को भनक तक नहीं लगी?
ये खबर भी पढ़े: Bihar: बांका में में 1.26 लाख लेते JE-क्लर्क को निगरानी ने किया रंगेहाथ गिरफ्तार!
