मधुबनी: भारत-नेपाल सीमा के पास पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में कथित कुख्यात महिला तस्कर हीरा देवी महासेठ उर्फ ‘चाची’ को गिरफ्तार किया गया है। वह बासोपट्टी थाना क्षेत्र के दुहबी बाजार की रहने वाली बताई गई है।
मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार के मुताबिक, ‘चाची’ लंबे समय से जाली भारतीय मुद्रा और अन्य प्रतिबंधित सामानों की कथित तस्करी से जुड़े नेटवर्क में सक्रिय थी। पुलिस के अनुसार, उसका पति भी जाली नोट से जुड़े मामले में पहले गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
भारत-नेपाल में करोड़ों की संपत्ति का दावा
पुलिस के मुताबिक, ‘चाची’ और उसके परिवार की भारत और नेपाल में कथित तौर पर बड़ी संपत्ति होने की जानकारी सामने आई है। करीब 200 करोड़ रुपये की संपत्ति की बात भी जांच में सामने आने की जानकारी दी गई है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति की वास्तविक कीमत और स्रोत की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
अब नेटवर्क और संपत्ति की पड़ताल
महिला तस्कर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियां उसके कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों, लेन-देन और भारत-नेपाल में मौजूद संपत्तियों की जानकारी जुटाने में लगी हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित तस्करी नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
ये खबर भी पढ़े: गया में पिंडदान का ‘डिजिटल मॉडल’ बना विवाद, पंडा समाज ने उठाए धार्मिक परंपरा पर सवाल!