लखीसराय: दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने की कवायद तेज हो गई है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए जिला परिवहन विभाग की ओर से विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) मुकुल पंकज मणि और मोटरयान निरीक्षक (MVI) संदीप कुमार के नेतृत्व में रोको-टोको अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सड़क पर चलने वाले विभिन्न वाहनों की जांच की गई। परिवहन विभाग की टीम ने विशेष रूप से नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन परिचालित करने, नो-एंट्री में प्रवेश करने वाले ट्रैक्टरों तथा निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर चलने वाले ऑटो पर नजर रखी। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को रोककर उनसे पूछताछ की गई और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई, तीन वाहन जब्त
रोको-टोको अभियान के दौरान केवल जागरूकता ही नहीं, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई। इस क्रम में परिवहन विभाग की टीम ने एक ऑटो और दो ई-रिक्शा (टोटो) को जब्त किया। कार्रवाई के माध्यम से वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि पर्व के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाया कि नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति देना, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना और ऑटो में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाना सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर लापरवाही है। वहीं नो-एंट्री के नियमों का उल्लंघन करने से भी शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
छठ घाटों तक सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करना प्राथमिकता
छठ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा सामग्री के साथ घाटों तक पहुंचते हैं। ऐसे में सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए परिवहन विभाग का विशेष जोर यातायात को व्यवस्थित रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाने पर है।
DTO मुकुल पंकज मणि एवं MVI संदीप कुमार द्वारा चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और पर्व के दौरान सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना है। विभाग की इस पहल से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि त्योहार की खुशियों के बीच सड़क सुरक्षा और नियमों का पालन भी उतना ही जरूरी है।
परिवहन विभाग का यह अभियान दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान आमजन की सुविधा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा शहर में यातायात के निर्बाध और सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया कदम है।
ये खबर भी पढ़े: पटना में राजस्थान का कबड्डी पर कब्जा, हरियाणा को 50-44 से हराकर बना 52वीं राष्ट्रीय जूनियर चैंपियनशिप का विजेता!
