शेखपुरा: जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर उत्पाद पुलिस ने एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार से 414.720 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब से लदी लग्जरी कार को जब्त कर लिया, जबकि वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
उत्पाद विभाग की यह कार्रवाई शेखपुरा थाना क्षेत्र में रेलवे एक्सारी गुमटी से करीब 200 मीटर पूर्व पक्की सड़क के किनारे की गई। पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश नंबर की फॉर्च्यूनर कार (UP 71N-9999) बरामद की। वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर विदेशी शराब के 48 कार्टून मिले।
48 कार्टून में मिली 414.720 लीटर शराब
उत्पाद पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए प्रत्येक कार्टून में 180 एमएल की 48 बोतलें रखी हुई थीं। इस तरह कुल 2,304 बोतलों में 414.720 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
लग्जरी वाहन में इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलने के बाद उत्पाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। जब्त फॉर्च्यूनर के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन के मालिक और शराब की खेप से जुड़े लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
चालक फरार, तस्करों की तलाश में जुटा विभाग
कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया। उत्पाद विभाग ने इस मामले में अज्ञात वाहन चालक और शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उत्पाद ASI अमरजीत कुमार के नेतृत्व में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही फॉर्च्यूनर के मालिक की पहचान कर तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
शेखपुरा में लग्जरी वाहन से शराब की इतनी बड़ी खेप बरामद होना अवैध शराब कारोबार के नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े करता है। फिलहाल उत्पाद विभाग की जांच जारी है और फरार चालक सहित अन्य संबंधित लोगों की तलाश की जा रही है।
ये खबर भी पढ़े: सहरसा में NDA की पदयात्रा, नित्यानंद राय ने राहुल गांधी और विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप!
