जहानाबाद: शहर के होटलों और रेस्ट हाउस में कथित देह व्यापार की गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक साथ छह होटल और रेस्ट हाउस में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 25 महिला-पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। अचानक हुई इस कार्रवाई से होटल संचालकों के बीच हड़कंप मच गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि शहरी क्षेत्र के कुछ होटल और रेस्ट हाउस में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छह अलग-अलग टीमों का गठन किया। इसके बाद नगर थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में शहर के छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
छह टीमों ने एक साथ होटलों में की छापेमारी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग होटलों और रेस्ट हाउस से 25 महिला-पुरुषों को हिरासत में लिया। सभी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन स्थानों पर किस तरह की गतिविधियां चल रही थीं और क्या होटल संचालकों की भी इसमें कोई भूमिका थी।
कार्रवाई के दौरान होटल और रेस्ट हाउस के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई करते देख इलाके में चर्चा तेज हो गई।
SDPO बोले- जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
सदर SDPO अनिकेत कुमार द्विवेदी ने बताया कि पुलिस को शहर के कई होटलों में संदिग्ध गतिविधियों की लगातार सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर नगर थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान 25 महिला-पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
SDPO ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी होटल संचालक की गलत गतिविधियों में संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
होटल संचालकों में मचा हड़कंप
पुलिस की एक साथ छह होटलों में हुई छापेमारी के बाद शहर के होटल और रेस्ट हाउस संचालकों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि किन लोगों की भूमिका संदिग्ध पाई गई और किन होटल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जरूरत है।
ये खबर भी पढ़े: अप्रैल 2027 में बजनी थी शहनाई, दिल्ली में लिफ्ट हादसे ने छीन ली संजय की जिंदगी; गांव में मातम!
जहानाबाद से गौरव कुमार की रिपोर्ट…