बेगूसराय: जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां भरी पंचायत में एक महिला को कथित तौर पर ‘तालिबानी सजा’ दी गई। महिला से पहले कान पकड़वाया गया और फिर जमीन पर थूक फेंककर उसे चटवाया गया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बलिया थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जो 2 जून 2026 की है। हालांकि मामला दो महीने पुराना है, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद अब यह तूल पकड़ चुका है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके पड़ोस के एक युवक ने उसे डरा-धमकाकर घर में घुसकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद जब आरोपी युवक खिड़की के रास्ते निकल रहा था, तभी गांव वालों ने दोनों को पकड़ लिया और पंचायत बैठा दी गई।
महिला का कहना है कि पंचायत में न सिर्फ उसे अपमानित किया गया, बल्कि अमानवीय तरीके से सजा दी गई। वीडियो में कथित तौर पर महिला को कान पकड़कर उठक-बैठक कराई जा रही है और फिर जमीन पर थूक चटवाया जा रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद पीड़िता ने बलिया थाना में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस क्या कहती है?
मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि यह 2 जून की घटना है। महिला के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया और पंचायत में उसके साथ गलत व्यवहार हुआ। फिलहाल एफआईआर में किसी का नाम स्पष्ट रूप से नहीं दिया गया है।
डीएसपी ने कहा कि जांच के दौरान जो भी दोषी सामने आएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा सवाल – पंचायत को किसने दिया अधिकार?
इस घटना के सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर गांव की पंचायत को किसने यह अधिकार दिया कि वह कानून हाथ में लेकर किसी महिला के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार करे?
यह मामला न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करता है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: पूर्व मंत्री मंजू वर्मा और पति को 7 साल की सजा! आर्म्स एक्ट केस में MP-MLA कोर्ट का बड़ा फैसला!