बगहा: गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच खैरटवा के पास चंपारण तटबंध टूटने के बाद बगहा में सियासी हलचल भी तेज हो गई है। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने मंगलवार को बगहा और वाल्मीकिनगर क्षेत्र का दौरा कर टूटे तटबंध का जायजा लिया। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
खैरटवा में तटबंध के टूटे हिस्से का निरीक्षण करने के दौरान पप्पू यादव ने स्थानीय लोगों से भी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि तटबंध टूटने से आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है और प्रभावित लोगों को तत्काल राहत एवं जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि तटबंध की मजबूती और निर्माण कार्य में लापरवाही हुई है तथा इसके लिए अभियंताओं और संवेदक की भूमिका की जांच होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने बगहा और वाल्मीकिनगर क्षेत्र को बाढ़ प्रभावित घोषित करने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने की भी मांग उठाई। सांसद ने कहा कि प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव और आवागमन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
गौरतलब है कि गंडक नदी के बढ़े जलस्तर और दबाव के बीच सोमवार को खैरटवा के पास चंपारण तटबंध में टूटान हुआ था। जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन और मरम्मत की कार्रवाई में जुटी है।
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, इसी क्षेत्र के आसपास करीब दो वर्ष पहले भी तटबंध का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ था। इस बार दोबारा टूटने के बाद तटबंध की मजबूती और मरम्मत कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इन आरोपों की आधिकारिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
ये खबर भी पढ़े: प्रेम प्रसंग के विवाद में युवती पर चाकू से हमला, आरोपी फरार; CCTV और FSL से जांच तेज!