लखीसराय जिला प्रशासन ने जनजातीय समुदाय के उत्थान की दिशा में एक अहम पहल करते हुए जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत “सबसे दूर, सबसे पहले” जन भागीदारी अभियान का शुभारंभ किया। समाहरणालय के मंत्रणा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने किया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के दूरस्थ और अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है। उद्घाटन के दौरान डीएम शैलेंद्र कुमार ने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन आदिवासी समुदाय के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई के दौरान जनजातीय समुदाय की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
जिला कल्याण पदाधिकारी सह अभियान के नोडल पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत सूर्यगढ़ा प्रखंड के 8 जनजाति बहुल गांवों में 19 मई से 23 मई 2026 तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभाग संयुक्त रूप से भाग लेंगे और लोगों से आवेदन लेकर उन्हें मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने बताया कि शिविरों में न सिर्फ प्रमाण पत्र और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाएं दी जाएंगी, बल्कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल कैंप भी लगाया जाएगा, जहां ग्रामीणों की जांच और इलाज की व्यवस्था रहेगी।
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी कुमारी, सिविल सर्जन सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : गांव में लगा मिनी अस्पताल, 1000 लोगों का FREE इलाज!
