सहरसा: जिले के महिषी स्थित सिद्धपीठ मां उग्रतारा स्थान में तीन दिवसीय श्री उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। महिषी के राजकमल क्रीड़ा मैदान में आयोजित उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा, सिमरी बख्तियारपुर विधायक संजय कुमार सिंह, डीआईजी डॉ. कुमार आशीष और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया।
तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में देश के नामचीन कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों को भी अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। संगीत और लोककला के कार्यक्रमों के अलावा धर्म, दर्शन एवं अध्यात्म जैसे विषयों पर विद्वानों द्वारा विमर्श भी किया जाएगा।
कम भीड़ देखकर जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल
उद्घाटन समारोह के दौरान मैदान में अपेक्षाकृत कम संख्या में लोगों की मौजूदगी देखकर मंत्री रत्नेश सादा और विधायक संजय कुमार सिंह ने नाराजगी जताई। दोनों जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से कार्यक्रम में कम जनभागीदारी को लेकर सवाल किए और आयोजन के प्रचार-प्रसार तथा लोगों की सहभागिता पर ध्यान देने की बात उठाई।
कोसी की सांस्कृतिक विरासत को पहचान दिलाने की पहल
ऐतिहासिक, धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व रखने वाली महिषी की धरती पर आयोजित श्री उग्रतारा महोत्सव कोसी क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच देने का प्रयास है। इस आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था, लोकसंस्कृति और भारतीय ज्ञान परंपरा को व्यापक पहचान दिलाने की उम्मीद है। अब महोत्सव के आगामी दो दिनों में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विद्वत विमर्श पर लोगों की नजर रहेगी।
ये खबर भी पढ़े: बास्केटबॉल में पटना की बेटियों का ट्रिपल धमाका, अंडर-14, 17 और 19 के फाइनल में बनाई जगह!
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट…