पूर्णिया: सोशल मीडिया पर बिहार के पूर्णिया जिलाधिकारी (DM) का एक 19 सेकंड का बेहद भावुक और दिल छू लेने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक वृद्धाश्रम की बुजुर्ग महिला बड़े ही प्यार और हक से डीएम साहब से चाट और गोलगप्पे खाने की फरमाइश करती दिख रही है। महिला की यह मासूम मांग सुनते ही डीएम एक्शन मोड में आ गए और अधिकारियों को तुरंत वृद्धाश्रम में सभी बुजुर्गों के लिए चाट-गोलगप्पे का इंतजाम करने का कड़ा निर्देश दे दिया।
अंतरराष्ट्रीय बुजुर्ग दिवस का है भावुक वीडियो
जानकारी के अनुसार, यह वायरल वीडियो 1 अक्टूबर (अंतरराष्ट्रीय बुजुर्ग दिवस सह गांधी जयंती की पूर्व संध्या) का है। कार्यक्रम के तहत पूर्णिया डीएम स्कूली बच्चों के साथ पूर्णिया स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण करने और बुजुर्गों को अपनों जैसा सम्मान व स्नेह देने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान डीएम साहब खुद एक-एक बुजुर्ग के पास जाकर उनसे मिले और उनकी हालचाल व समस्याओं की जानकारी ले रहे थे।
थोड़ी ही देर में पहुंचे गोलगप्पे, बुजुर्गों के चेहरे पर खिली मुस्कान
इसी दौरान जब डीएम एक बुजुर्ग महिला के पास पहुंचे, तो उन्होंने बड़े ही आत्मीय भाव से कहा— “हमें चाट और गोलगप्पे खाने हैं!” डीएम ने बिना एक पल गंवाए अधिकारियों को आदेश दिया कि तुरंत चाट और गोलगप्पे मंगाए जाएं। थोड़ी ही देर में वृद्धाश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों के लिए स्वादिष्ट चाट और गोलगप्पे हाजिर हो गए।
स्कूली बच्चों और डीएम के इस अनोखे अंदाज से वृद्धाश्रम का माहौल खुशनुमा हो गया। सोशल मीडिया पर लोग पूर्णिया डीएम की इस सहृदयता और संवेदनशील कार्यशैली की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
ये खबर भी पढ़े: ₹5 लाख का इनामी अतीक गैंग का शूटर अरमान गया जेल में मिला, UP पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर ले गई प्रयागराज!