पटना/बक्सर: बक्सर के डुमरांव प्रखंड में छात्राओं से दुर्व्यवहार, आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने और ऑडियो के जरिए धमकी देने के मामले में शिक्षा विभाग ने दो शिक्षकों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद सहायक शिक्षक वीरेन्द्र प्रसाद और विद्यालय अध्यापक अरविन्द कुमार पर यह कार्रवाई की गई।
दोनों शिक्षक नथुनी अहिर के डेरा स्थित मध्य विद्यालय से जुड़े थे। मामले में विभाग ने पहले 2 सितंबर को दोनों को निलंबित किया था। इसके बाद 3 सितंबर को आरोप पत्र गठित कर विभागीय जांच शुरू की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर अनुशासनिक प्राधिकार ने दोनों को सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया।
शिक्षा विभाग के अनुसार, बर्खास्तगी की कार्रवाई बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत की गई है। रिपोर्टों के मुताबिक, बर्खास्तगी के बाद दोनों भविष्य में सरकारी नौकरी के लिए भी अयोग्य होंगे।
मामला सामने आने के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बक्सर के डीएम और एसपी को आरोपित शिक्षकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। विभाग ने कहा है कि विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षक-छात्र मर्यादा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
ये खबर भी पढ़े: बिहार में पंचायत चुनाव को लेकर सस्पेंस बरकरार, CM सम्राट ने बताया- पहले बदलेगा पंचायतों का नक्शा, फिर होगा चुनाव!