लखीसराय: जिला स्तरीय मशाल प्रशिक्षण 2026 का शुभारंभ शुक्रवार को जिला खेल पदाधिकारी मुकुल पंकज मनी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा सीमा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के शारीरिक एवं कंप्यूटर शिक्षकों को खेल गतिविधियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को पहचानना, उसे निखारना और आगे बढ़ाने में प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में प्रतिभावान बच्चे मौजूद हैं। जरूरत है कि उनकी प्रतिभा को सही मंच और उचित प्रशिक्षण मिले।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सीमा कुमारी ने भी प्रशिक्षण के उद्देश्य और विद्यालय स्तर पर खेल गतिविधियों को मजबूत करने को लेकर शिक्षकों को संबोधित किया।
प्रशिक्षण में राज्य स्तरीय मशाल प्रशिक्षण से प्रशिक्षित होकर लौटे पांच शिक्षकों ज्ञान रंजन, सुशील कुमार, जंग बहादुर, सुमन कुमार और अमित शाह ने जिला स्तरीय शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम में कुल 25 शारीरिक शिक्षकों और 14 कंप्यूटर शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। कंप्यूटर शिक्षकों को विद्यालय एवं खिलाड़ियों के ऑनलाइन निबंधन से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी दी गई। वहीं, शारीरिक शिक्षकों को खिलाड़ियों के बैटरी टेस्ट कराने के तरीके बताए गए।
प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों की ऊंचाई और वजन मापने के साथ-साथ शटल रन, ब्रॉड जंप सहित विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षणों की प्रक्रिया समझाई गई। शिक्षकों को बताया गया कि इन परीक्षणों के माध्यम से बच्चों की शारीरिक क्षमता और खेल प्रतिभा का आकलन किया जा सकता है।
कार्यक्रम में सुशांत कुमार, रामदेव कुमार, चुनचुन कुमार, रंजन, अमित कुमार, सुरेंद्र कुमार और पूनम कुमार समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़े: शेखपुरा के मासूम मनीष को मिलेगी नई जिंदगी, ‘Gift of Life’ के तहत हृदय ऑपरेशन के लिए केरल रवाना!
