कटिहार: समेली प्रखंड के पूर्वी चांदपुर पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित तिरसी टोला में बीती रात मचान पर सो रहे 40 वर्षीय नंदन कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस अब हत्या के कारण और आरोपियों की पहचान को लेकर कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि नंदन कुमार यादव खाना खाने के बाद घर के दरवाजे पर बने मचान पर सोने चले गए थे। सुबह परिजनों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा। परिजनों के अनुसार, उनके सिर में गोली लगी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
परिजनों के मुताबिक, नंदन को दो गोलियां मारी गईं, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। वह पत्नी रम्भा देवी और तीन छोटे बच्चों को पीछे छोड़ गए हैं।
SDPO ने मौके पर पहुंचकर खंगाला घटनास्थल
घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा सर्किल SDPO सुनील कुमार शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में परिवार के बीच पुराने भूमि विवाद का पहलू सामने आया है। हालांकि पुलिस ने इसे हत्या की अंतिम वजह नहीं माना है। अन्य संभावित कारणों और आपसी विवाद के पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है।
CCTV और मोबाइल से खुलेगा हत्याकांड का राज?
मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और विशेष टीम को लगाया गया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ CCTV फुटेज और मृतक के मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इनसे वारदात से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।
घटना के बाद पोठिया पुलिस आरोपियों की पहचान और हत्या की वजह का पता लगाने में जुटी है।
इलाके में लगातार हो रही घटनाओं पर उठे सवाल
समेली प्रखंड में पूर्व में हुई हत्या की घटनाओं को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। जनप्रतिनिधियों ने छोहार, मलहरिया, डुमरिया और शब्दा पंचायत समेत विभिन्न इलाकों में हुई घटनाओं का हवाला देते हुए पुलिस से गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
मुखिया प्रतिनिधि विभूति यादव, सरपंच आलोक शेखर, पंचायत समिति प्रतिनिधि धीरेन्द्र यादव, राजद प्रखंड अध्यक्ष विनोद कुमार यादव और राजद युवा नेता मिथुन कुमार यादव समेत अन्य जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने घटना की निंदा की है। उन्होंने पुलिस से जल्द हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और वारदात में कौन शामिल था, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
ये खबर भी पढ़े: सैलाब के बीच बिहार पहुंचे शिवराज, बोले- ‘2016 से भी भीषण बाढ़’; नुकसान का होगा आकलन!
कटिहार से सुमन शर्मा की रिपोर्ट…