लखीसराय: पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल ने बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ किऊल जंक्शन पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया। ‘लाल गाड़ी’ स्पेशल टिकट चेकिंग अभियान के दौरान 178 यात्रियों को बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ पकड़ा गया।
अभियान के दौरान रेलवे ने इन यात्रियों से ₹1,47,175 का जुर्माना वसूल किया, जिससे रेल राजस्व में भी इजाफा हुआ।
लगभग सभी ट्रेनों की हुई जांच
दानापुर मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक के निर्देश पर किऊल जंक्शन पर वाणिज्य विभाग और आरपीएफ की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने पटना-झाझा रेलखंड से गुजरने वाली लगभग सभी प्रमुख ट्रेनों की जांच की।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य बिना उचित टिकट या प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई के साथ-साथ यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक करना था।
टिकट काउंटरों पर बढ़ी भीड़
अभियान के बाद पटना-झाझा रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की बात रेलवे की ओर से कही गई है। रेलवे का दावा है कि विशेष जांच अभियान के चलते यात्रियों में उचित टिकट लेकर यात्रा करने को लेकर जागरूकता बढ़ी है।
रेलवे की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि वे हमेशा वैध टिकट या यात्रा का उचित प्राधिकार लेकर ही ट्रेन में सफर करें, ताकि जांच के दौरान जुर्माने की कार्रवाई से बचा जा सके।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: भागलपुर में फ्लड फाइटिंग के दौरान बड़ा हादसा, 21 मजदूरों से भरी नाव पलटी; 2 लापता!
