पटना: बिहार की राजधानी पटना में शिक्षक भर्ती और परीक्षा प्रणाली में बदलाव की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस के लाठीचार्ज का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अब जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने पुलिस के बल प्रयोग पर सवाल उठाते हुए कहा है कि छात्रों को इस तरह पीटना सही नहीं है।
अनंत सिंह ने पुलिस को नसीहत देते हुए कहा, “मांग दे चाहे नहीं दे, लेकिन जैसे मारते हैं, वो नियम ठीक नहीं है। सुनकर जो निर्णय है, कीजिए, लेकिन मारने का नियम किसी को नहीं है।” उनके इस बयान को छात्रों पर हुए पुलिस बल प्रयोग को लेकर महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रतिक्रिया माना जा रहा है।
छात्रों की मांगों को लेकर प्रदर्शन
मंगलवार को पटना में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा और परीक्षा प्रणाली में बदलाव की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग थी कि शिक्षक भर्ती परीक्षा को प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के बजाय एक ही चरण में कराया जाए।
प्रदर्शनकारियों में आगामी शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। कुछ अभ्यर्थियों ने संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में कथित अनियमितताओं का हवाला देते हुए परीक्षा रद्द करने की मांग भी उठाई।
मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े प्रदर्शनकारी
गांधी मैदान से शुरू हुआ छात्रों का मार्च मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहा था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। इस दौरान कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की स्थिति बनी।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किया गया, जिसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पानी की बौछार और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में डाकबंगला चौराहे के आसपास पुलिस कार्रवाई और प्रदर्शनकारियों की भीड़ दिखाई दी।
पुलिस का क्या कहना है?
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से लगातार शांति बनाए रखने की अपील की थी और प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से उनकी मांगें अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रस्ताव भी दिया गया था। हालांकि, स्थिति तनावपूर्ण होने के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की।
अब अनंत सिंह के बयान के बाद छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सियासी बहस और तेज होने के आसार हैं। एक ओर पुलिस पथराव और कानून-व्यवस्था की स्थिति का हवाला दे रही है, वहीं दूसरी ओर छात्रों पर बल प्रयोग को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: गिरिराज सिंह का तेजस्वी यादव पर हमला, बोले- ना कभी पिता को शिक्षा से मतलब रहा!