नवगछिया: पुलिस जिला नवगछिया में प्रेम प्रसंग के चलते पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिल-कर पति की अपहरण के बाद हत्या कर शव को कोसी नदी में फेंक दिया। पुलिस ने घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पत्नी समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी प्रेमी अभी फरार है।
24 घंटे में पुलिस का खुलासा
नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि 6 अगस्त को उमेश शर्मा के लापता होने की सूचना दर्ज हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी जांच, मानवीय सूचना और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी अनीता देवी, मो. सोहेल और मो. इरफान को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सभी आरोपितों ने हत्या की साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, अनीता देवी का पंकज शर्मा नामक व्यक्ति से अवैध संबंध था, जिसका विरोध पति उमेश शर्मा करता था। इसी कारण पत्नी और प्रेमी ने मिल-कर हत्या की साजिश रची।
योजना के तहत उमेश शर्मा को बह-ला-फुसलाकर नवगछिया रेलवे स्टेशन लाया गया और फिर कटिहार में पंचायत का बहाना बनाकर कार में बैठाकर अगवा कर लिया गया। बाद में कुरसेला थाना क्षेत्र स्थित कोसी नदी पुल के पास गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई और शव नदी में फेंक दिया गया।
हैदराबाद से फ्लाइट लेकर पहुंचा प्रेमी
एसपी के अनुसार, मुख्य आरोपी पंकज शर्मा घटना को अंजाम देने के लिए 4 या 5 अगस्त को हैदराबाद से हवाई जहाज से पूर्णिया पहुंचा था। वहां से वह स्कॉर्पियो वाहन से नवगछिया स्टेशन पहुंचा और अपने साथियों के साथ मिल-कर वारदात को अंजाम दिया।
रिश्तेदारी के बीच पनपा प्रेम
बताया जाता है कि मृतक उमेश शर्मा और पंकज शर्मा के बीच रिश्तेदारी थी, जिसके कारण पंकज का घर आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान अनीता देवी से उसका प्रेम संबंध हो गया। यह संबंध लंबे समय से चल रहा था और इसी ने हत्या की साजिश का रूप ले लिया।
चालाकी से रची गई साजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि उमेश को बीमारी का बहाना बनाकर नवगछिया लाया गया था। कई घंटों तक उसे स्टेशन के आसपास रोके रखा गया ताकि आरोपी सही समय पर पहुंच सकें। जैसे ही पंकज वहां पहुंचा, अनीता अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ घर लौट गई और उमेश को उसके हवाले कर दिया गया।
शव कटिहार से बरामद
पुलिस ने मृतक का शव कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
मुख्य आरोपी फरार, तलाश जारी
एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी पंकज शर्मा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वह पिछले तीन दिनों से फरार है, लेकिन पुलिस का दावा है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में फास्ट ट्रायल चलाने की भी बात कही गई है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: राजद में ‘रीसेट बटन’ दबा, अब रोहिणी की सलाह से तेजस्वी के सामने नई चुनौती; संगठन में किसे मिलेगी जगह?