मधुबनी: जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के बगवासा गांव में डायल 112 पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, बगवासा गांव के निवासी एवं व्यवसायी मुकेश कुमार साह सब्जी लाने के लिए समस्तीपुर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही मोहम्मद अब्दुल्ला ने उन्हें रास्ते में रोककर चाकू दिखाते हुए डराने-धमकाने का प्रयास किया और उनसे नगदी छीन ली। किसी तरह मुकेश वहां से निकलकर डायल 112 पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी के घर जाकर पूछताछ करने लगी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस से वारंट की मांग करते हुए अचानक लोहे के रॉड से हमला कर दिया।
हमले के दौरान जवान मोहम्मद सद्दाम अली ने अपनी राइफल से बचाव करने की कोशिश की, जिससे राइफल क्षतिग्रस्त हो गई। आरोपी ने रॉड से जवान के सिर पर वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरे जवान को भी हमले में चोटें आई हैं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल जवानों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, बेनीपट्टी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद अब्दुल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पीड़ित व्यवसायी मुकेश कुमार साह ने बताया कि आरोपी ने चाकू के बल पर उनसे नगदी छीनी थी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए SP ऑफिस पहुंच गए ग्रामीण… आखिर क्यों?