नालंदा: इसलामपुर नगर के गौरव नगर मोहल्ले में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बीच 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद छत से युवक के नीचे गिरने का CCTV फुटेज सामने आया है। मृतक के परिजनों ने युवती और उसके परिवार पर मारपीट के बाद छत से धक्का देने का आरोप लगाया है, जबकि युवती के परिजन इन आरोपों से इनकार करते हुए युवक के खुद छत से कूदने की बात कह रहे हैं।
मृतक की पहचान जहानाबाद जिले के कटौली गांव निवासी किशोरी प्रसाद के 21 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रजनीश पटना की एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करता था। सोमवार को एक युवती ने फोन कर उसे गौरव नगर स्थित अपने किराये के मकान पर बुलाया था।
मृतक की मां सुषमा देवी का आरोप है कि मकान पर पहुंचने के बाद रजनीश को छत पर ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उसे छत से नीचे धकेल दिया गया। गंभीर हालत में स्थानीय लोगों ने उसे निजी क्लिनिक पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया, लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद हिलसा-2 इसलामपुर डीएसपी रामदुलार प्रसाद और थानाध्यक्ष रणविजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। सामने आए फुटेज के आधार पर पुलिस घटना के क्रम और युवक के छत से गिरने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
वहीं, युवती के परिजनों ने युवक की हत्या के आरोप को पूरी तरह गलत बताया है। उनका कहना है कि वे रजनीश को जानते तक नहीं थे। उनके मुताबिक, सोमवार को युवक उनके किराये के मकान में छिपा हुआ था। नजर पड़ने पर वह भागने लगा और उसे पकड़ने के प्रयास के दौरान युवक छत से नीचे गिर गया।
पुलिस ने युवती और उसके माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं, यह जांच का विषय है। CCTV फुटेज, पुलिस की पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
ये खबर भी पढ़े: बेगूसराय के होटल में युवती से दुष्कर्म का आरोप, मारपीट का वीडियो वायरल; आरोपी की तलाश में छापेमारी!