सीवान: नाबालिग के साथ दुष्कर्म और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के गंभीर मामले में सीवान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है और मामले की जांच तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 7 जुलाई को महिला थाना में पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप था कि 28 जून को तीन युवकों ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ महाराजगंज अमन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर छापेमारी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बसंतपुर थाना क्षेत्र के संदीप कुमार, डुडुन कुमार तथा महाराजगंज थाना क्षेत्र के अभिषेक कुमार उर्फ राजू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, संदीप कुमार के खिलाफ पहले से हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं, जबकि डुडुन कुमार पर भी आर्म्स एक्ट का एक मामला दर्ज है।
एसपी पूरण कुमार झा ने कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: लखीसराय में BPSC 72वीं प्रारंभिक परीक्षा की तैयारी तेज, 11 केंद्रों का चयन!