लखीसराय: शिक्षा के बदलते दौर में अब केवल किताबों का ज्ञान देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, तार्किक सोच और समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता विकसित करना भी जरूरी हो गया है। इसी उद्देश्य से लखीसराय शहर के बौद्ध सर्किट स्थित नाथ पब्लिक स्कूल में शनिवार को शिक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। होली फेथ इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड (एमबीडी ग्रुप) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला का विषय ‘प्रभावी शिक्षण रणनीतियां और स्टीम (STEAM) शिक्षा’ रहा।
कार्यशाला का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक विश्वनाथ प्रसाद, प्राचार्य नाथ अमिताभ और एमबीडी ग्रुप के अधिकारी सौरभ पाठक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराने के साथ कक्षा में पढ़ाई को अधिक रोचक, संवादात्मक और प्रभावी बनाने के तरीकों पर चर्चा की गई।
STEAM शिक्षा से विकसित होगी बच्चों की रचनात्मक सोच
कार्यशाला में एमबीडी ग्रुप की ओर से प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित सौरभ पाठक ने शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण की विभिन्न रणनीतियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कक्षा में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के लिए संवाद, गतिविधियों और व्यावहारिक उदाहरणों का इस्तेमाल महत्वपूर्ण है।
उन्होंने STEAM शिक्षा के महत्व को समझाते हुए बताया कि इसमें विज्ञान (Science), प्रौद्योगिकी (Technology), इंजीनियरिंग (Engineering), कला (Arts) और गणित (Mathematics) को एक साथ जोड़कर पढ़ाया जाता है। इस समन्वित पद्धति से बच्चों को विषयों को केवल याद करने के बजाय उन्हें समझने, प्रयोग करने और वास्तविक जीवन की समस्याओं से जोड़ने का अवसर मिलता है।
निदेशक बोले- शिक्षकों का निरंतर प्रशिक्षण समय की मांग
विद्यालय के निदेशक विश्वनाथ प्रसाद ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बदलते शैक्षणिक परिवेश में शिक्षकों का निरंतर प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। नई शिक्षण तकनीकों की जानकारी से शिक्षक अपनी कक्षा को और अधिक प्रभावी बना सकते हैं तथा विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को बेहतर दिशा दे सकते हैं।
वहीं, प्रबंधक नाथ अमिताभ ने अतिथियों और प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यालय के सभी शिक्षकों से कार्यशाला में सीखी गई तकनीकों को अपनी-अपनी कक्षाओं में लागू करने का आह्वान किया।
एमबीडी ग्रुप के कई अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एमबीडी ग्रुप के उप शाखा प्रबंधक (बिहार/झारखंड) गोपाल सिंह, वरीय बिक्री प्रबंधक (बिहार) राजीव रंजन और पाठ्यक्रम सलाहकार विकास पराशर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यशाला में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों ने आधुनिक शिक्षण पद्धतियों की बारीकियों को समझा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को ऐसी तकनीकों से परिचित कराना रहा, जिनके माध्यम से विद्यार्थी पढ़ाई में अधिक सक्रिय बनें और उनमें किताबी ज्ञान के साथ रचनात्मकता, तार्किक क्षमता तथा समस्या समाधान का कौशल भी विकसित हो सके।
ये खबर भी पढ़े: बिहार में मौसम का यू-टर्न; कहीं तेज बारिश तो कहीं भारी बारिश का अलर्ट, धान की फसल पर मंडराया खतरा!
