मुंगेर: सावन के महीने में बाबा भोलेनाथ की भक्ति के कई रंग देखने को मिल रहे हैं। कोई नंगे पांव कठिन रास्ता तय कर रहा है तो कोई अपने अनोखे संकल्प के साथ बाबा धाम की ओर बढ़ रहा है। इसी आस्था की एक ऐसी तस्वीर मुंगेर के कच्ची कांवड़िया पथ पर देखने को मिली, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया।
26 किलोमीटर लंबे इस कांवड़िया मार्ग पर लाखों शिवभक्तों की भीड़ के बीच एक डाक बम ऐसा भी है, जो आंखों पर पट्टी बांधकर बाबाधाम की यात्रा कर रहा है। यह श्रद्धालु हैं सुधांशु बम, जो वर्ष 2013 से लगातार सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर जा रहे हैं।
इस बार सुधांशु ने अपनी भक्ति को एक अलग रूप दिया है। आंखों पर कपड़ा बांधकर वे अपने साथियों के साथ बोल बम के जयकारों के बीच आगे बढ़ रहे हैं। उनके कदमों में विश्वास है और मन में सिर्फ बाबा भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा।
सुधांशु बम का कहना है कि यह किसी मनोकामना या मन्नत के लिए नहीं, बल्कि उनकी आस्था और आत्मिक विश्वास का हिस्सा है। उनका मानना है कि बाबा भोलेनाथ अपने भक्तों की भावनाओं को बिना मांगे भी समझते हैं।
कच्ची कांवड़िया पथ पर उनकी इस अनोखी यात्रा को देखकर श्रद्धालु भी हैरान हैं। कोई उन्हें आस्था की मिसाल बता रहा है तो कोई इसे भोलेनाथ के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक मान रहा है।
सावन में बाबा धाम की ओर बढ़ते हजारों कदमों के बीच सुधांशु बम की यह यात्रा यह संदेश दे रही है कि भक्ति में विश्वास सबसे बड़ी ताकत होती है। आंखों पर पट्टी जरूर है, लेकिन दिल में भोलेनाथ का नाम लेकर यह भक्त अपनी मंजिल की ओर लगातार बढ़ रहा है।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: सावन में कांवड़ियों पर चढ़ा सेल्फी का खुमार, भोले की भक्ति के साथ यादों को कैमरे में कैद कर रहे शिवभक्त!