रक्सौल: हरैया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रेमी द्वारा शादी से इनकार किए जाने से नाराज एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई और पुलिस-प्रशासन से प्रेमी के साथ शादी कराने की मांग करने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही हरैया थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब ढाई घंटे तक युवती को समझाने-बुझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
प्रेमी पर लगाया शादी से मुकरने का आरोप
मामला हरैया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-1 का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, परेऊंवा निवासी युवती का आदापुर निवासी एक युवक के साथ प्रेम संबंध बताया जा रहा है।
युवती का आरोप है कि युवक अब उसे अपनाने और शादी करने के लिए तैयार नहीं है। इसी बात से नाराज होकर मंगलवार सुबह करीब 7 बजे वह बौद्धी माई मंदिर के पास एक निजी स्कूल के समीप स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
टावर पर चढ़ी युवती, नीचे जुटी भीड़
युवती के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रक्सौल सीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाइश शुरू की गई।
पुलिस की ओर से माइकिंग कर युवती से नीचे उतरने की अपील की गई। अधिकारियों ने उसे भरोसा दिलाया कि उसकी बात सुनी जाएगी और पूरे मामले की जांच की जाएगी।
ढाई घंटे बाद नीचे उतरी युवती
पुलिस और प्रशासन की टीम करीब ढाई घंटे तक युवती से बातचीत करती रही। लगातार समझाने के बाद युवती नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। प्रशासन की ओर से उसकी शिकायत और पक्ष सुनने का आश्वासन मिलने के बाद वह सुरक्षित नीचे आ गई।
इसके बाद पुलिस ने युवती से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अब प्रेम संबंध और शादी से जुड़े इस विवाद की जांच कर रही है।
पुलिस बोली- मामले की जांच जारी
हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। युवती को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: नालंदा पहुंचे मनोज तिवारी बोले- ‘तेजस्वी यादव भ्रष्टाचार की आवाज’, छात्र आंदोलन पर कहा- शांति से रखें अपनी बात!