शेखपुरा: सम्राट अशोक भवन, शेखपुरा में बुधवार को जिला युवा उत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी शेखर आनंद की मौजूदगी में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ की गई।

कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला खेल पदाधिकारी सरोज पासवान ने जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर युवा उत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान जिले के कुछ स्थानीय कलाकारों को भी पुष्पगुच्छ और साल देकर सम्मानित किया गया।
जिला युवा उत्सव में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। युवाओं की मौजूदगी से कार्यक्रम में खासा उत्साह देखने को मिला।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी शेखर आनंद ने युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक और प्रेरित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
डीएम ने कहा कि शेखपुरा जिले के युवा विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर जिला और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकते हैं। उन्होंने युवा प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) संजय कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, जिला खेल पदाधिकारी-सह-अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सरोज पासवान समेत अन्य पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और शिक्षकगण मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़े: पूजा पर रेलवे का बड़ा तोहफा; पुणे-मुंबई से लेकर अहमदाबाद, अजमेर, जोधपुर और कोटा के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें!