पटना: हिन्दी दिवस के अवसर पर दानापुर मंडल में 14 से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले राजभाषा पखवाड़ा-2026 का सोमवार को शुभारंभ किया गया। मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों और कर्मचारियों से दैनिक कामकाज में राजभाषा हिन्दी के अधिक से अधिक प्रयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘क’ क्षेत्र में होने के कारण दानापुर मंडल की जिम्मेदारी है कि कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी का अधिकाधिक उपयोग किया जाए। साथ ही सरल और सहज भाषा के प्रयोग पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक और उपस्थित अधिकारियों ने ‘रेलवाणी’ त्रैमासिक पत्रिका का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि पत्रिका के माध्यम से कर्मचारी अपने विचारों और अनुभवों को सरल भाषा में एक-दूसरे तक पहुंचा सकते हैं। इसका उद्देश्य ज्ञान और विभिन्न स्रोतों से प्राप्त जानकारियों का आदान-प्रदान करना है।
पखवाड़े में होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
राजभाषा पखवाड़े के दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 16 सितंबर को राजभाषा प्रदर्शनी, 18 सितंबर को टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन, 23 सितंबर को हिन्दी निबंध एवं वाक् प्रतियोगिता और 25 सितंबर को कर्मचारियों के लिए राजभाषा क्विज आयोजित होगी।
वहीं 28 सितंबर को अधिकारियों के लिए राजभाषा क्विज का आयोजन किया जाएगा। 30 सितंबर को विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसी दिन मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक के साथ राजभाषा पखवाड़े का समापन होगा।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा सह अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी राजीव कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक ओपी वीरेंद्र कुमार, राजभाषा अधिकारी शेखर नाथ झा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़े: सीतामढ़ी की कल्याणी ने राष्ट्रीय कुराश चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक, CM ने दी बधाई!