जमुई: मड़वा पहाड़ी पर नाबालिग छात्र-छात्रा से कथित बदसलूकी और छेड़खानी के मामले में आरोपी नंदन यादव की तलाश के दौरान पुलिस को उसके पिता गनौरी यादव से जुड़ा करीब 23 साल पुराना हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने गनौरी यादव को वर्ष 2003 में दर्ज दोहरे हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, गनौरी यादव के खिलाफ नगर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में वर्ष 2003 में जमीन विवाद को लेकर हुई दो भाइयों की हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इस केस में उनकी पहले गिरफ्तारी भी हुई थी और पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की थी। बाद में मुकदमे के दौरान उनके फरार होने की बात पुलिस रिकॉर्ड में सामने आई।
नंदन की तलाश में गांव पहुंची थी पुलिस
मड़वा पहाड़ी से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी नंदन यादव और हरेराम यादव की तलाश शुरू की थी। इसी सिलसिले में पुलिस टीम प्रतापपुर गांव पहुंची और नंदन के परिवार के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसी दौरान पुलिस रिकॉर्ड की जांच में गनौरी यादव के खिलाफ दर्ज पुराने हत्या के मामले की जानकारी सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने 2003 के मामले की कानूनी स्थिति और पुराने रिकॉर्ड की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि गनौरी यादव के खिलाफ लंबित कार्रवाई के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
जमीन विवाद में दो भाइयों की हुई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2003 में प्रतापपुर गांव में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान पूना यादव और डीपी यादव नामक दो भाइयों की हत्या कर दी गई थी। परिजनों की ओर से दर्ज मामले में गनौरी यादव समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया था।
परिवार की ओर से आरोप लगाया गया था कि दोनों भाइयों के साथ पहले मारपीट की गई और बाद में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी।
एक ही घटना में दोनों बेटों को खोया
इस हत्याकांड में संसार देवी ने एक ही घटना में अपने दोनों बेटों को खो दिया था। परिजनों के मुताबिक, दोनों की मौत के बाद वह अकेले जीवन गुजार रही हैं। परिवार का कहना है कि जमीन विवाद इस घटना की मुख्य वजह थी।
हालांकि, पुराने मामले में किस आरोपी की क्या कानूनी स्थिति है और किसके खिलाफ क्या कार्रवाई लंबित है, इसे लेकर पुलिस रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
एसपी बोले- पुराने केस के रिकॉर्ड की हो रही जांच
जमुई एसपी विश्वजीत दयाल के अनुसार, नंदन की तलाश के दौरान गनौरी यादव को हिरासत में लिया गया था। रिकॉर्ड की जांच में वर्ष 2003 के हत्या मामले की जानकारी मिली। पुलिस अब पुराने केस से जुड़े वारंट, चार्जशीट और अन्य कानूनी दस्तावेजों की स्थिति की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गनौरी यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुराने मामले में अन्य आरोपियों और उनकी वर्तमान कानूनी स्थिति से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
ये खबर भी पढ़े: पटना में पप्पू यादव समेत 10 पर FIR, सरकारी कर्मचारी से मारपीट का आरोप; समर्थकों का अलग दावा!