लखीसराय: श्रावणी मेले में बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। यात्रियों की भीड़ और सुविधा को देखते हुए रांची और भागलपुर के बीच दो जोड़ी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाएगा।
ये स्पेशल ट्रेनें कोडरमा-तिलैया-नवादा-शेखपुरा-लखीसराय-किऊल-जमालपुर-सुलतानगंज के रास्ते चलेंगी। इससे झारखंड और बिहार के हजारों श्रद्धालुओं को भागलपुर और सुलतानगंज जाने में आसानी होगी।
रेलवे के अनुसार पहली ट्रेन 08690/08689 रांची-भागलपुर-रांची श्रावणी मेला स्पेशल होगी। यह ट्रेन 26 जुलाई 2026 से 9 सितंबर 2026 तक सप्ताह में दो दिन चलेगी। रांची से यह ट्रेन रविवार और बुधवार को खुलेगी, जबकि भागलपुर से वापसी सोमवार और गुरुवार को होगी।
वहीं दूसरी ट्रेन 08646/08645 रांची-भागलपुर-रांची श्रावणी मेला स्पेशल 27 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक चलेगी। यह ट्रेन बरकाकाना और हजारीबाग टाउन होते हुए भागलपुर पहुंचेगी।
दोनों ट्रेनों का ठहराव लखीसराय, किऊल, शेखपुरा, नवादा, तिलैया, कोडरमा, जमालपुर और सुलतानगंज समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक पहली स्पेशल ट्रेन में एसी थर्ड का 1, स्लीपर के 7 और सामान्य श्रेणी के 6 कोच होंगे, जबकि दूसरी ट्रेन में एसी थर्ड का 1, स्लीपर के 13 और सामान्य श्रेणी के 4 कोच लगाए जाएंगे।
श्रावणी मेले के दौरान सुलतानगंज से गंगाजल लेकर बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में इन ट्रेनों के शुरू होने से यात्रियों को भीड़ से राहत मिलने और यात्रा सुगम होने की उम्मीद है।
