पटना/पूर्णिया: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। भवन निर्माण विभाग के पूर्णिया स्थित अधीक्षण अभियंता सत्येंद्र कुमार चौधरी से जुड़े पटना और पूर्णिया के तीन ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की गई। कार्रवाई आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में की जा रही है।
एक साथ तीन ठिकानों पर पहुंची टीम
निगरानी विभाग की अलग-अलग टीमें पूर्णिया में अधीक्षण अभियंता के सरकारी आवास और कार्यालय के अलावा पटना में उनके आवास समेत अन्य संबंधित परिसर में तलाशी ले रही हैं। पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित कृषि कॉलोनी में भी टीम ने पहुंचकर कार्रवाई की।
रेड की खबर मिलते ही संबंधित कार्यालय में भी हलचल मच गई। निगरानी अधिकारियों के मुताबिक तलाशी के दौरान कुछ कागजात और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।
DSP बोले- जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर
निगरानी विभाग के DSP संतोष कुमार के अनुसार, अधीक्षण अभियंता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। इसी शिकायत के आधार पर तलाशी की कार्रवाई की गई है।
अधिकारियों का कहना है कि बरामद दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कथित तौर पर कितनी संपत्ति अर्जित की गई है और उसका स्रोत क्या है।
दो महीने पहले हुई थी पूर्णिया में पोस्टिंग
जानकारी के अनुसार सत्येंद्र कुमार चौधरी की पूर्णिया में पोस्टिंग करीब दो महीने पहले हुई थी। इसके बाद अब निगरानी ब्यूरो की कार्रवाई से विभागीय हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
फिलहाल तलाशी अभियान जारी है। निगरानी विभाग की ओर से कहा गया है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामदगी और मामले से जुड़ी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने रखी जाएगी।
ये खबर भी पढ़े: NCERT की किताब में छपी एक गलती पर हाईकोर्ट सख्त, केंद्र से मांगा जवाब; 13 अक्टूबर को अगली सुनवाई!