भारत/नेपाल: भारत-नेपाल सीमा पर बिना अनुमति दूसरे देश की सीमा में प्रवेश करने का मामला सामने आया है। नेपाल पुलिस ने शनिवार को कंचनपुर जिले के दोधारा-चांदनी क्षेत्र से कर्नाटक पुलिस के एक एएसआई समेत दो भारतीय पुलिसकर्मियों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों जवान नेपाली नागरिक शंकर लुहार को गिरफ्तार करने के उद्देश्य से उसके घर तक पहुंचे थे। जब स्थानीय स्तर पर इसकी जानकारी हुई तो बिना अनुमति नेपाली क्षेत्र में प्रवेश कर गिरफ्तारी की कोशिश किए जाने को लेकर नेपाल पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
नेपाल पुलिस ने पूछताछ के लिए रोका
दोनों भारतीय पुलिसकर्मियों को इलाका पुलिस कार्यालय, दोधारा-चांदनी में रखा गया है। जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता डीएसपी टेकबहादुर रावत ने दोनों के हिरासत में होने की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। अब आगे की कार्रवाई उच्च स्तर से मिलने वाले निर्देश के आधार पर की जाएगी।
कौन हैं हिरासत में लिए गए पुलिसकर्मी?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक हिरासत में लिए गए भारतीय पुलिसकर्मियों में कर्नाटक पुलिस के एएसआई सतीश एमआर और जवान अल्फाब आरएस शामिल हैं।
बताया गया है कि दोनों नेपाल पुलिस के साथ पूर्व समन्वय या सूचना के बिना नेपाली क्षेत्र में पहुंचे थे। उनका उद्देश्य दोधारा-चांदनी निवासी शंकर लुहार को गिरफ्तार करना बताया जा रहा है।
सीमा पार कार्रवाई पर उठे सवाल
मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि एक देश की पुलिस दूसरे देश के क्षेत्र में सामान्य तौर पर अपनी मर्जी से गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं कर सकती। ऐसे मामलों में संबंधित देश की पुलिस और प्रशासन के साथ आवश्यक समन्वय और कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होता है।
फिलहाल नेपाल पुलिस ने दोनों भारतीय पुलिसकर्मियों को हिरासत में रखा है और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश का इंतजार किया जा रहा है। आगे की कार्रवाई इसी आधार पर तय होगी।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: आरक्षण पर ‘अपने ही’ आमने-सामने: मांझी की क्रीमी लेयर वाली बात पर चिराग का पलटवार, बोले- पद छोड़कर करें ऐसी मांग!