पटना: जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने संगठन में अनुशासन को लेकर बड़ा कदम उठाया है। पार्टी के पूर्व प्रदेश महासचिव अरविंद कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह को तत्काल प्रभाव से प्राथमिक सदस्यता से निलंबित करते हुए 6 वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को पटना स्थित प्रदेश कार्यालय से इस संबंध में आदेश जारी किया।
संगठन बदलाव को लेकर हुई थी तीखी बहस
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में पार्टी में संगठनात्मक बदलाव को लेकर अंदरूनी नाराजगी चल रही थी। इसी दौरान पार्टी कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं के साथ छोटू सिंह की बहस हो गई थी।
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें छोटू सिंह पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते नजर आए थे।
इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई का फैसला किया।
पार्टी ने लगाया दल विरोधी गतिविधियों का आरोप
JDU की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि अरविंद कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह को दल विरोधी गतिविधियों में शामिल पाया गया है। इसी आधार पर उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर छह साल के लिए निष्कासित किया गया है।
अनुशासन पर सख्त संदेश
इस कार्रवाई के जरिए JDU ने साफ संदेश दिया है कि पार्टी लाइन से हटकर काम करने या अनुशासन तोड़ने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी।
राजनीतिक गलियारों में अब चर्चा तेज है कि छोटू सिंह के निष्कासन का असर पार्टी के अंदर चल रही संगठनात्मक राजनीति पर कितना पड़ेगा।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: रजरप्पा धाम में गूंजे मंत्र और शंखनाद, मां छिन्नमस्तिका को अर्पित हुआ छप्पन भोग!

ब्यूरो हेड महुआ न्यूज़
बिहार /झारखण्ड