पटना/गया: बिहार के अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र बोधगया को अब थाईलैंड से सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिलने जा रही है। इंडिगो गयाजी एयरपोर्ट से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान शुरू करने जा रही है। यह सेवा सप्ताह में दो दिन सोमवार और गुरुवार को संचालित होगी। नई उड़ान के लिए टिकट की बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।
इंडिगो की एयरबस A320 फ्लाइट संख्या 6E 1083/1084 बैंकॉक-गयाजी-बैंकॉक सेक्टर में उड़ान भरेगी। दोनों शहरों के बीच सीधी हवाई यात्रा का समय करीब 3 घंटे 5 मिनट होगा।
दिल्ली-कोलकाता के चक्कर से मिलेगी राहत
गयाजी से बैंकॉक के लिए अभी यात्रियों को सीधी उड़ान की सुविधा नहीं मिलती है। ऐसे में यात्रियों को पहले कोलकाता या दिल्ली जैसे शहरों तक जाना पड़ता है और वहां से दूसरी फ्लाइट लेकर बैंकॉक पहुंचना होता है।
सीधी उड़ान शुरू होने के बाद यात्रियों को इस अतिरिक्त यात्रा और कनेक्टिंग फ्लाइट की परेशानी से राहत मिलेगी। इससे खासकर बोधगया आने वाले थाई और दक्षिण-पूर्व एशियाई बौद्ध श्रद्धालुओं के लिए यात्रा आसान हो जाएगी।
बौद्ध पर्यटन को मिलेगा बड़ा बूस्ट
बोधगया दुनिया के प्रमुख बौद्ध तीर्थस्थलों में शामिल है। यहां स्थित महाबोधि मंदिर में हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं।
गयाजी-बैंकॉक सीधी उड़ान शुरू होने से थाईलैंड और दक्षिण-पूर्व एशिया के अन्य देशों से आने वाले पर्यटकों के लिए बोधगया पहुंचना आसान होगा। इससे बिहार में अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
स्थानीय कारोबार को भी फायदा
सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान का असर केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रहने वाला है। विदेशी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, टूर ऑपरेटर और स्थानीय बाजार को फायदा मिल सकता है।
बोधगया और आसपास के हस्तशिल्प एवं क्षेत्रीय उत्पादों को भी अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने का नया अवसर मिलने की उम्मीद है।
एयर कार्गो के लिए भी खुलेगा रास्ता
गयाजी-बैंकॉक कनेक्टिविटी से क्षेत्र के मौसमी फल-सब्जियों और अन्य क्षेत्रीय उत्पादों को एयर कार्गो के जरिए थाईलैंड और दूसरे अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं।
इससे स्थानीय कारोबारियों और उत्पादकों को नए बाजार मिलने के साथ निर्यात के लिए तेज परिवहन सुविधा विकसित होने की उम्मीद है।
26 अक्टूबर की फ्लाइट का किराया ₹40,608
नई सेवा के लिए बुकिंग शुरू हो चुकी है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक 26 अक्टूबर को गयाजी से बैंकॉक का किराया करीब ₹40,608 बताया गया है। वास्तविक किराया यात्रा की तारीख, सीट उपलब्धता और बुकिंग के समय के अनुसार बदल सकता है।
गयाजी एयरपोर्ट के लिए बड़ा कदम
गयाजी से बैंकॉक की सीधी उड़ान शुरू होना बिहार की अंतरराष्ट्रीय एयर कनेक्टिविटी के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है। इससे एक तरफ बोधगया का बौद्ध पर्यटन नेटवर्क मजबूत होगा, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय व्यापार और अंतरराष्ट्रीय आवाजाही को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सोमवार और गुरुवार को उड़ान के साथ गयाजी अब सीधे बैंकॉक के हवाई नक्शे से जुड़ने जा रहा है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: अभ्यर्थियों पर ‘कुत्ते भौंके हजार’ वाली टिप्पणी पड़ी भारी, BPSC परीक्षा नियंत्रक निलंबित!