शेखपुरा (बिहार): शहर में ई-रिक्शा चालकों की बढ़ती परेशानियों के बीच अब यह मुद्दा सियासी रंग लेने लगा है। ई-रिक्शा संघ ने नगर परिषद द्वारा लगाए गए 50 रुपये प्रतिदिन टैक्स को कम करने की मांग को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष रेशमा भारती को आवेदन सौंपा है।
संघ के जिलाध्यक्ष कंचन रविदास और महामंत्री श्रवण पांडेय के नेतृत्व में सौंपे गए इस आवेदन में साफ कहा गया है कि मौजूदा टैक्स दर चालकों के लिए बोझ बन चुकी है। कम आमदनी में रोजाना 50 रुपये देना उनके लिए मुश्किल हो रहा है, जिससे परिवार चलाना भी कठिन होता जा रहा है।
इससे पहले भी संघ द्वारा डीएम, एसपी और यातायात थाना में शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से चालकों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी। अब यह मामला सीधे राजनीतिक नेतृत्व तक पहुंच गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रेशमा भारती ने चालकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि वे इस मुद्दे को डीएम, एसपी और नगर परिषद के समक्ष मजबूती से उठाएंगी और टैक्स कम कराने का हर संभव प्रयास करेंगी।
उन्होंने कहा कि गरीब और मेहनतकश ई-रिक्शा चालकों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे पर उच्च स्तर तक बात की जाएगी।
इस मौके पर रेशमा भारती ने ई-रिक्शा संघ के चार सदस्यों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया, जिससे चालकों में उम्मीद की नई किरण जगी है।
अब निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि क्या ई-रिक्शा चालकों को राहत मिलेगी या यह मुद्दा आंदोलन का रूप लेगा। फिलहाल, रेशमा भारती के हस्तक्षेप से चालकों को न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : कभी सड़कों पर भटकता था ये कुत्ता… आज दुनिया को सिखा रहा है प्यार और शांति का मतलब!