शेखपुरा: पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की प्रचंड जीत का जश्न इस बार शेखपुरा में कुछ अलग ही अंदाज में देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने ‘झालमुड़ी पार्टी’ कर जीत का जश्न मनाया—जो हर किसी के लिए चर्चा का विषय बन गया।

जिला भाजपा कार्यालय बाजितपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ता जमकर झूमे। खास बात यह रही कि बंगाल जीत की खुशी में ‘झालमुड़ी’ और मिठाइयों के साथ एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया गया, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला अध्यक्ष रेशमा भारती ने इसे “जनता के भरोसे और विकास की राजनीति की जीत” बताया। उन्होंने कहा कि अब देश की जनता काम के आधार पर वोट कर रही है, और यही वजह है कि भाजपा को लगातार समर्थन मिल रहा है।

असम में दोबारा मिली जीत पर उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में ये राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छुएंगे।
कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था—कहीं ढोल की थाप, कहीं नाच-गाना और कहीं ‘झालमुड़ी’ के साथ सेल्फी… पूरा माहौल जीत के जश्न में डूबा नजर आया।

इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय कुमार उर्फ कारू सिंह, जिला उपाध्यक्ष नवल किशोर पासवान, पंकज कुमार, राजीव सिन्हा, चंदन कुमार, मुकेश कुमार, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नीतू सिंह, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सरवन पांडे सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने इस जीत को “जनता के विश्वास की मुहर” बताया।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार तय, 7 मई को शपथ—कौन बनेगा मंत्री?