पटना: एक अफवाह और चलती ट्रेन में मच गई चीख-पुकार जैसी अफरातफरी! बिहार में कोसी एक्सप्रेस के यात्रियों के बीच उस समय दहशत फैल गई, जब ट्रेन में आग लगने की खबर सुनकर लोग अपनी जान बचाने के लिए इमरजेंसी गेट की ओर दौड़ पड़े। करीब 10 मिनट तक ट्रेन से उतरने और नीचे कूदने का सिलसिला चलता रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4:30 बजे ट्रेन संख्या 18626 कोसी एक्सप्रेस पटना के पास रानीपुर रेलवे फाटक के समीप थी। इसी दौरान ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैल गई। खबर सुनते ही यात्रियों में घबराहट फैल गई। कई लोग बिना स्थिति की पुष्टि किए इमरजेंसी गेट से नीचे उतरने लगे। अचानक हुई इस हलचल से ट्रेन के अंदर और रेलवे ट्रैक के आसपास अफरातफरी का माहौल बन गया।
अफवाह ने यात्रियों को किया भयभीत, रेलवे कर्मचारियों ने दी सूचना
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यात्रियों को यह समझ नहीं आ रहा था कि ट्रेन में वास्तव में आग लगी है या कोई दूसरी परेशानी हुई है। इसी असमंजस में कई यात्री जल्दबाजी में ट्रेन से नीचे उतर गए।
रानीपुर रेलवे फाटक पर तैनात रेलवे कर्मचारियों ने घटना की जानकारी मिलते ही पटना साहिब स्टेशन के स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सब-इंस्पेक्टर अवनीश कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
RPF की जांच में आग की खबर निकली झूठी
RPF सब-इंस्पेक्टर अवनीश कुमार के मुताबिक, ट्रेन में आग लगने की सूचना अफवाह थी। आग लगने की कोई वास्तविक घटना सामने नहीं आई। करीब 10 मिनट बाद सभी यात्री सुरक्षित दोबारा ट्रेन में सवार हुए और कोसी एक्सप्रेस को रवाना किया गया।
पटना साहिब स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन की जांच भी की गई। स्टेशन मास्टर के अनुसार, जांच में आग लगने की कोई घटना नहीं मिली। इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
एक अफवाह और हजारों सवाल!
राहत की बात रही कि इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने रेल यात्रा के दौरान अफवाहों से पैदा होने वाले खतरे को उजागर कर दिया है। बिना पुष्टि किसी सूचना पर घबराकर ट्रेन से उतरना या कूदना यात्रियों के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है।
रेलवे सुरक्षा बल की त्वरित कार्रवाई से स्थिति संभल गई, लेकिन वायरल वीडियो ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि आखिर एक अफवाह किस तरह सैकड़ों यात्रियों के बीच दहशत फैला सकती है।
ये खबर भी पढ़े: रजरप्पा दर्शन की खुशी मातम में बदली; भीषण सड़क हादसे में 13 की मौत, एक परिवार के कई सदस्य खत्म!