पटना/बाढ़: रेलवे ट्रैक के पास यात्रियों की पिटाई करने वाले टीटीई पर आखिरकार कार्रवाई हो गई है। दानापुर रेल मंडल ने बख्तियारपुर जंक्शन पर यात्रियों से मारपीट के आरोपी टीटीई कुंदन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं।
18 जुलाई 2026 को सामने आए वीडियो में टीटीई कुंदन कुमार रेलवे ट्रैक के पास एक यात्री को लात-घूंसों से पीटते नजर आए थे। वीडियो में वह एक अन्य व्यक्ति का कॉलर पकड़कर घसीटते हुए भी दिख रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था।
दानापुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ ने कहा कि यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना टिकट यात्रा करने वालों पर जुर्माना लगाने या कानूनी कार्रवाई का अधिकार रेलवे कर्मचारियों को है, लेकिन किसी यात्री के साथ मारपीट करना नियमों के खिलाफ है।
पैसे वसूली के भी लगे थे आरोप
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में टीटीई पर यात्रियों से मारपीट के साथ पैसे मांगने के आरोप भी लगाए गए थे। मामले की शिकायत रेल मंत्री और रेलवे अधिकारियों से की गई थी, जिसके बाद मंडल स्तर पर जांच शुरू की गई।
अब निलंबन के बाद विभागीय जांच में यह साफ होगा कि घटना के पीछे क्या वजह थी और टीटीई के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होगी।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: अब रिम्स में बदलेगी तस्वीर — 200 वेंटिलेटर से लेकर एयरपोर्ट जैसी टॉयलेट व्यवस्था तक, स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा प्लान!