शेखपुरा: नशे के खिलाफ जागरूकता की अलख जगाने के लिए एकाढ़ा मॉडल +2 उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को अनूठी पहल की। विद्यालय परिसर में आयोजित नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा ली। इसके बाद गांव की गलियों में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया गया।
गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी राधिका बहन ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसके परिवार की खुशियों, आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। नशे की लत व्यक्ति को सही दिशा से भटका सकती है और पूरे परिवार को परेशानियों में डाल देती है।
युवाओं से शिक्षा और संस्कार को चुनने की अपील
राधिका बहन ने छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, अच्छे संस्कार और देश सेवा के रास्ते पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी जागरूक होगी, तभी समाज को नशे जैसी बुराई से मुक्त बनाने की दिशा में मजबूत कदम उठाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में मौजूद सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने नशामुक्ति की प्रतिज्ञा ली। उन्होंने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे।
नारों से गूंज उठीं गांव की गलियां
जागरूकता कार्यक्रम के बाद विद्यालय से नशामुक्ति रैली निकाली गई। रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरी और फिर वापस विद्यालय पहुंची। हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लिए विद्यार्थियों ने ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’, ‘नशा मुक्त समाज, स्वस्थ समाज’ और ‘नशा है मौत का द्वार’ जैसे नारे लगाए।
बच्चों ने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि नशामुक्त समाज बनाने की शुरुआत हर व्यक्ति को अपने स्तर से करनी होगी।
प्रधानाध्यापक ने जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने ब्रह्माकुमारी राधिका बहन सहित सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा सके।
एकाढ़ा मॉडल +2 उच्च विद्यालय की यह पहल विद्यार्थियों के माध्यम से गांव तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रही।
ये खबर भी पढ़े: दाखिल-खारिज के 20 दिन से पुराने मामले 2-3 दिनों में निपटाएं, लखीसराय डीएम का सख्त निर्देश!