शेखपुरा: राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन करने और पदक जीतने के संकल्प के साथ बिहार की जूनियर बालिका हैंडबॉल टीम बरबीघा में जमकर पसीना बहा रही है। शेखपुरा जिले के बरबीघा स्थित डिवाइन लाइट पब्लिक स्कूल के खेल परिसर में आयोजित आवासीय प्रशिक्षण शिविर में बिहार के विभिन्न जिलों से चयनित 20 खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर रही हैं। खिलाड़ियों का लक्ष्य आगामी 48वीं राष्ट्रीय जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर बिहार के लिए पदक हासिल करना है।
बिहार हैंडबॉल संघ के दिशा-निर्देश पर शेखपुरा जिला हैंडबॉल संघ की देखरेख में चल रहे इस विशेष प्रशिक्षण शिविर के नौवें दिन बिहार हैंडबॉल संघ के पदाधिकारियों ने पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। बिहार हैंडबॉल संघ के महासचिव ब्रजकिशोर शर्मा के निर्देशानुसार संघ के उपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह और संयुक्त सचिव विनय कृष्ण ने शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान शेखपुरा जिला हैंडबॉल संघ के सचिव सह बिहार हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष एवं शिविर प्रभारी आचार्य गोपाल जी भी मौजूद रहे।
पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, अभ्यास और तैयारियों की जानकारी ली। सीनियर खिलाड़ी पटना के मनीष कुमार सहित अन्य खिलाड़ियों से भी प्रशिक्षण को लेकर फीडबैक प्राप्त किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों को अनुशासन बनाए रखने, खेल के प्रति पूरी प्रतिबद्धता रखने और मैदान पर लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित अभ्यास, आपसी तालमेल, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से महासचिव ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
बिहार हैंडबॉल संघ के महासचिव ब्रजकिशोर शर्मा ने दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पूरी टीम से बातचीत की। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के दौरान पूरी एकाग्रता बनाए रखने के साथ-साथ खेल की बारीकियों, तकनीकी कौशल और फिटनेस पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने खिलाड़ियों को समझाया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत के साथ अनुशासन और मानसिक मजबूती भी जरूरी है।
22 नवंबर को पंजाब के लिए रवाना होगी बिहार टीम
48वीं राष्ट्रीय जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 29 नवंबर तक पंजाब के संगरूर स्थित मस्तुआना साहिब में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बिहार की टीम 22 नवंबर को बरबीघा से रवाना होगी। प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों को बेहतर तरीके से तैयार करने के उद्देश्य से आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग की जिम्मेदारी शेखपुरा के नेशनल रेफरी बबलू कुमार, स्टेट रेफरी रोहित कुमार, स्टेट रेफरी सूरज कुमार तथा सत्यम कुमार संभाल रहे हैं। वहीं आवासीय व्यवस्था और खेल सामग्रियों की देखरेख की जिम्मेदारी अनुभवी खिलाड़ियों मुकेश कुमार झा और विकास कुमार को सौंपी गई है। इस शिविर में शेखपुरा जिला हैंडबॉल संघ की बालिका टीम भी प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है।
खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने में जुटे खेल प्रेमी
बिहार की टीम के बेहतर प्रदर्शन और खिलाड़ियों की तैयारियों को लेकर शेखपुरा जिला हैंडबॉल संघ के पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी भी लगातार सहयोग कर रहे हैं। जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष विशाल, कोषाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष खुशबू कुमारी, संयुक्त सचिव यशपाल जी, संयुक्त कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार तथा संरक्षक सुधांशु शेखर, विनोद कुमार, प्रिंस पी.जे., संजीव कुमार सहित अन्य खेल प्रेमी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने और शिविर को सफल बनाने में जुटे हैं।
बरबीघा में चल रहा यह प्रशिक्षण शिविर बिहार की जूनियर बालिका हैंडबॉल टीम के लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले अपनी तैयारियों को धार देने का महत्वपूर्ण अवसर है। अब खिलाड़ियों की निगाहें पंजाब में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां वे अपने खेल कौशल और मेहनत के दम पर बिहार को पदक दिलाने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।
ये खबर भी पढ़े: बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल, खगड़िया SP भानु प्रताप सिंह हटाए गए; शैलेंद्र सिंह को मिली जिले की कमान!