पटना: पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में चार दिनों तक चले 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के रोमांचक मुकाबलों का समापन राजस्थान की खिताबी जीत के साथ हुआ। फाइनल मुकाबले में राजस्थान की टीम ने शानदार वापसी करते हुए हरियाणा को 50-44 अंकों से पराजित कर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। हरियाणा को उपविजेता की ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा, जबकि तमिलनाडु ने तीसरा और साई की टीम ने चौथा स्थान हासिल किया।

1 से 4 नवंबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में बिहार राज्य कबड्डी संघ और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की संयुक्त मेजबानी में किया गया। देश के विभिन्न राज्यों और संस्थानों की जूनियर टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। चार दिनों तक पाटलिपुत्र खेल परिसर में कबड्डी के रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
पहले हाफ में हरियाणा का दबदबा, राजस्थान ने दूसरे हाफ में की जोरदार वापसी
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले हाफ में राजस्थान ने बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए मुकाबले में वापसी की और बढ़त हासिल कर ली। दोनों टीमों ने एक-दूसरे को ऑल आउट किया। पहले हाफ के अंतिम क्षणों में राजस्थान ने हरियाणा को ऑल आउट कर स्कोर का अंतर कम किया। इसके बावजूद पहले हाफ की समाप्ति पर हरियाणा 27-22 से आगे रहा।

दूसरे हाफ में मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल गया। राजस्थान के खिलाड़ियों ने रणनीति में बदलाव करते हुए धीरे-धीरे अंक जुटाने शुरू किए। टीम ने रेडिंग और डिफेंस दोनों में बेहतर तालमेल दिखाया। लगातार अंक हासिल करते हुए राजस्थान ने हरियाणा पर दबाव बनाया और एक समय हरियाणा को ऑल आउट कर 38-35 की बढ़त हासिल कर ली।
इसके बाद राजस्थान ने अपनी बढ़त बनाए रखी। मुकाबले के अंतिम क्षणों में राजस्थान के खिलाड़ियों ने लगातार सुपर टैकल के जरिए महत्वपूर्ण अंक जुटाए और स्कोर का अंतर बढ़ा दिया। आखिरकार राजस्थान ने 50-44 से जीत दर्ज करते हुए राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया फाइनल का उद्घाटन
फाइनल मुकाबले का उद्घाटन बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग विभाग की मंत्री श्रेयसी सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। खिताबी मुकाबले को देखने के लिए खेल से जुड़े कई पदाधिकारी और अतिथि मौजूद रहे।
फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों सहित प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को सम्मानित किया गया। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रन शंकरण, निदेशक रविंद्र नाथ चौधरी, उप निदेशक हिमांशु सिंह, क्रीड़ा कार्यपालक आनंदी कुमार और चंदन कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

इसके अलावा इंटरनेशनल कबड्डी फेडरेशन के महासचिव तेजस्वी गहलौत, अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जितेंद्र पी. ठाकुर, हरियाणा कबड्डी एसोसिएशन के चेयरमैन कुलदीप दलाल और उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव चेतन जोशी ने भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह ने पाटलिपुत्र की धरती पर पहुंचे सभी अतिथियों का स्वागत किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं अन्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

राजगीर में लगेगा भारतीय जूनियर कबड्डी टीम का कैंप, बिहार सरकार उठाएगी पूरा खर्च
पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रन शंकरण ने विजेता और उपविजेता टीमों के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और तकनीकी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि भारतीय जूनियर कबड्डी टीम के लिए आयोजित होने वाला प्रशिक्षण शिविर बिहार के राजगीर में लगाने के लिए बिहार सरकार तैयार है। उन्होंने बताया कि इस कैंप का पूरा खर्च बिहार सरकार वहन करेगी। इस घोषणा को बिहार में कबड्डी और खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

सेमीफाइनल में हरियाणा और राजस्थान ने बनाई थी फाइनल में जगह
फाइनल से पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में हरियाणा ने साई की टीम को 46-40 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया था। वहीं राजस्थान ने तमिलनाडु को 52-25 के बड़े अंतर से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था। इसके बाद दोनों टीमों के बीच खिताब के लिए मुकाबला हुआ, जिसमें राजस्थान ने बाजी मार ली।
क्वार्टरफाइनल में मेजबान बिहार को राजस्थान ने दी थी शिकस्त
3 नवंबर की देर रात खेले गए क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में भी कई रोमांचक मैच देखने को मिले थे। साई की टीम ने विदर्भ को 49-26 से हराया, जबकि हरियाणा ने चंडीगढ़ को 51-27 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। राजस्थान ने मेजबान बिहार को 59-29 से हराकर आगे का रास्ता तय किया था। वहीं तमिलनाडु ने उत्तराखंड को 40-23 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।

इस तरह चार दिनों तक चले राष्ट्रीय कबड्डी के इस आयोजन का समापन राजस्थान की खिताबी जीत के साथ हुआ। प्रतियोगिता के सफल आयोजन और भारतीय जूनियर टीम का कैंप राजगीर में आयोजित करने की घोषणा से बिहार में कबड्डी के विकास को लेकर नई उम्मीदें भी जगी हैं।