शेखपुरा: जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और उन्नत कृषि यंत्रों से परिचित कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषि यांत्रिकरण मेला-सह-प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिला पदाधिकारी शेखर आनंद ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्हें जल-जीवन-हरियाली अभियान का प्रतीक चिह्न, पौधा एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
मेले में कुल 16 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां विभिन्न प्रकार के आधुनिक कृषि यंत्रों को प्रदर्शित किया गया है। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को खेती में उपयोग होने वाली मशीनों, उनकी उपयोगिता और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी शेखर आनंद ने कहा कि कृषि यांत्रिकरण मेला जिले के किसानों के लिए काफी उपयोगी और लाभकारी साबित होगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों तक आधुनिक कृषि यंत्रों, नवीनतम कृषि तकनीकों और सरकार की ओर से संचालित कृषि योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है, ताकि किसान इनका अधिक से अधिक लाभ उठा सकें और अपनी खेती को उन्नत, लाभकारी एवं सुविधाजनक बना सकें।
उन्होंने कहा कि खेती-किसानी में आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल से किसानों के समय और श्रम की बचत होगी। इसके साथ ही कृषि कार्यों को कम समय में पूरा करने में मदद मिलेगी और उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। बदलते समय में खेती को अधिक सुविधाजनक और लाभकारी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों को अपनाना जरूरी है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और कृषि क्षेत्र के विकास के बिना देश के समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। किसानों की समृद्धि से ही देश की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। ऐसे में किसानों को आधुनिक संसाधनों और तकनीकों से जोड़ना बेहद महत्वपूर्ण है।
दो दिवसीय इस मेले के माध्यम से जिले के किसानों को कृषि यंत्रों और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। कृषि विभाग की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीकों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि कृषि क्षेत्र में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकें।
ये खबर भी पढ़े: बरबीघा में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत राष्ट्रीय चिंतन संवाद, सांसद विवेक ठाकुर ने विपक्ष पर साधा निशाना!
