शेखपुरा: सातवीं मिनी बालक-बालिका राज्यस्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता 2026 में शेखपुरा की अंडर-12 बालक टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। पटना जिले के मनेर स्थित इंदर सिंह उच्च विद्यालय, शेरपुर में 10 से 12 अक्टूबर तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में शेखपुरा की टीम संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रही। सेमीफाइनल मुकाबले में नवादा से हार मिलने के बाद टीम को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
क्वार्टर फाइनल में रोहतास को 22-10 से हराया
प्रतियोगिता के दौरान शेखपुरा की टीम ने लीग मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में टीम ने रोहतास को 22-10 के बड़े अंतर से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। हालांकि, सेमीफाइनल में नवादा की टीम के खिलाफ शेखपुरा को हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। नालंदा की टीम भी संयुक्त तीसरे स्थान पर रही।
फाइनल में पटना ने नवादा को हराकर जीता खिताब
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पटना और नवादा की टीमें आमने-सामने हुईं। इस मुकाबले में पटना ने नवादा को 20-10 से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया।
इन खिलाड़ियों ने किया शेखपुरा का प्रतिनिधित्व
बिहार हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष सह शेखपुरा जिला हैंडबॉल संघ के सचिव आचार्य गोपाल जी ने बताया कि अंडर-12 बालक वर्ग में शेखपुरा की टीम में सार्थक, सुदर्शन, केशव, अश्वनी (कप्तान), प्रिंस, बिन्नू, अनुराग, सूर्या और गुलशन शामिल थे। टीम के कोच बबलू कुमार तथा मैनेजर मोहन कुमार थे।
उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि टीम ने प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में अच्छा खेल दिखाया और कांस्य पदक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया।
खेल पदाधिकारियों ने दी बधाई
शेखपुरा की टीम की उपलब्धि पर हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष विशाल, संयुक्त सचिव यशपाल, उपाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद सिंह, कोषाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार, राज्यस्तरीय रेफरी धर्मेंद्र कुमार तथा वरिष्ठ खिलाड़ी रोहित कुमार सहित डिवाइन लाइट के सुधांशु कुमार, सेंट मेरी के प्रिंस पीजे ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि शेखपुरा के खिलाड़ी आने वाले दिनों में भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
ये खबर भी पढ़े: CM सम्राट चौधरी पर मीसा भारती का तीखा हमला, बोलीं—‘अनपढ़, जाहिल और गंवार’