बांका: ऐतिहासिक मंदार पर्वत पर दूध पहुंचाने गई युवती के साथ कथित अभद्र व्यवहार, जबरदस्ती और मारपीट से जुड़े वायरल वीडियो मामले में बांका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच के लिए दो डीएसपी समेत 13 पुलिस पदाधिकारियों की SIT गठित की। जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अब्दुल्ला को कोलकाता रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया, जबकि अनंत कुमार को उसके घर और विभीषण को पटना से गिरफ्तार किया गया है। दो नाबालिग आरोपियों को किशोर न्यायालय भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
बांका एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना का वीडियो 22 सितंबर को मिला था। इसके बाद बौंसी थानाध्यक्ष के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। वीडियो की पड़ताल और घटना की पूरी जानकारी जुटाने के लिए विशेष जांच टीम बनाई गई।
दूध पहुंचाने गई युवती को सुनसान जगह ले जाने का आरोप
एसपी के अनुसार, पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि वह 3 जून को दूध पहुंचाने के लिए मंदार की ओर गई थी। इसी दौरान अनंत कुमार और विभीषण ने उसे बाइक से घर छोड़ने की बात कहकर अपने साथ बैठा लिया। आरोप है कि दोनों उसे मंदार पर्वत के एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान पांच अन्य युवक भी वहां पहुंचे। ये युवक नियमित रूप से वाहन से मंदार घूमने जाते थे। आरोप है कि इन युवकों ने भी पीड़िता और दोनों युवकों के साथ बदसलूकी की। इनमें से एक नाबालिग ने घटना का वीडियो बना लिया।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने का आरोप
पुलिस के अनुसार, वीडियो बनाए जाने के दौरान कथित तौर पर 20 हजार रुपये की मांग की गई। मौके पर अनंत कुमार ने 1500 रुपये दिए। इसके बाद तीनों को बाकी रकम देने की बात कहकर वहां से जाने दिया गया।
एसपी के अनुसार, बाद में निर्धारित रकम नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए SIT गठित कर जांच शुरू की।
कोलकाता रेलवे स्टेशन से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब्दुल्ला को कोलकाता रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। अनंत कुमार को उसके घर से और विभीषण को पटना से पकड़ा गया। वहीं दो नाबालिग आरोपियों को किशोर न्यायालय भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। दो अन्य किशोर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
एसपी ने बताया कि पीड़िता की मां के बयान पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में थाना कांड संख्या 253/26 दर्ज कर अनंत कुमार और विभीषण को आरोपी बनाया गया है। पुलिस वीडियो, पीड़िता और आरोपियों के बयानों समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।
ये खबर भी पढ़े: प्रेस लिखे पिकअप से 4.08 लाख सिगरेट बरामद, चालक गिरफ्तार!