मोतिहारी: तुरकौलिया थाना क्षेत्र के सेमरा टोला परशुरामपुर में रविवार रात एक प्रेमी जोड़े के खेत में मिलने के बाद गांव में काफी देर तक हंगामा और बहस की स्थिति बनी रही। ग्रामीणों द्वारा दोनों को देखे जाने के बाद मामला उनके परिजनों तक पहुंचा। बाद में दोनों परिवारों की सहमति से गांव के बड़े-बुजुर्गों की मौजूदगी में रात में ही दोनों का निकाह करा दिया गया।
जानकारी के अनुसार युवक अपने परिचित युवती से मिलने उसके गांव पहुंचा था। दोनों की मुलाकात गांव के एक खेत में हुई थी। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर दोनों पर पड़ गई। ग्रामीणों ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद काफी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और दोनों को गांव ले आए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद काफी देर तक दोनों परिवारों और ग्रामीणों के बीच बातचीत होती रही। मामले को लेकर गांव में पंचायत जैसी स्थिति बन गई और लोगों की भीड़ जुटी रही।
युवती के परिजनों के अनुसार, दोनों की शादी पहले से तय थी। परिजनों का कहना है कि शादी को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले बातचीत हुई थी, लेकिन बाद में किसी कारण से मामला आगे नहीं बढ़ सका। इसी बीच युवती की शादी दूसरी जगह तय किए जाने की बात भी सामने आई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद गांव के बुजुर्गों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद को शांत कराने का प्रयास किया। बातचीत के बाद दोनों परिवार निकाह के लिए सहमत हो गए। इसके बाद काजी की मौजूदगी में रात में ही दोनों का निकाह कराया गया।
पुलिस भी पहुंची थी मौके पर
घटना की सूचना मिलने पर तुरकौलिया थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष के अनुसार, दोनों परिवार आपसी सहमति से शादी के लिए राजी हो गए थे। परिवारों की सहमति से निकाह होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को आवश्यक हिदायत दी और स्थिति सामान्य होने पर वापस लौट गई।
घटना के बाद गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, परिवारों की सहमति से निकाह होने के बाद विवाद शांत हो गया।
ये खबर भी पढ़े: रोहतास में उपेंद्र कुशवाहा का तेजस्वी यादव पर हमला, बोले- बौखलाहट में दे रहे हैं ऐसे बयान!