गोपालगंज: खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में गुरुवार को भोरे में खेत व ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। बाजार के प्रमुख मार्गों से निकला जुलूस पेट्रोल पंप के समीप पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। यहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।
सभा को संबोधित करते हुए खेग्रामस के जिलाध्यक्ष सुबास पटेल ने कहा कि आवश्यक खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से गरीब और ग्रामीण मजदूर परिवारों की मुश्किलें बढ़ी हैं। उन्होंने सरकार से महंगाई पर तत्काल नियंत्रण के उपाय करने की मांग की।
राशन व्यवस्था मजबूत करने की मांग
सुबास पटेल ने कहा कि जनवितरण प्रणाली के तहत गरीबों को केवल चावल और गेहूं तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने चीनी, दाल, सरसों तेल और चना जैसी जरूरी वस्तुएं भी नियमित रूप से उपलब्ध कराने की मांग की।
जिला परिषद प्रतिनिधि धर्मेन्द्र चौहान ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर खेतिहर मजदूरों और ग्रामीण परिवारों पर पड़ रहा है।
सभा को विश्वनाथ गुप्ता, राघव प्रसाद, फुलचन भारतीय और आइसा नेता प्रभात सिंह कुशवाहा ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आंदोलन को आगे और व्यापक करने की चेतावनी दी।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: समस्तीपुर में 2 लाख की रिश्वत लेते DCLR गिरफ्तार, घर से 13 लाख कैश बरामद!
