पटना: राजनीति के मैदान से इतर तेज प्रताप यादव इन दिनों मनोरंजन की दुनिया में अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। भोजपुरी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के आगामी एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत स्पेशल गेस्ट के तौर पर दिखाई देंगी। शो के सामने आए प्रोमो में दोनों के बीच जमकर हंसी-मजाक, मजेदार सवाल-जवाब और छेड़छाड़ देखने को मिल रही है।
एक प्रोमो में मल्लिका तेज प्रताप से कहती हैं कि अगर वह सूट पहनकर आएंगे तो बिहार की लड़कियां उन पर लट्टू हो जाएंगी। इस पर तेज प्रताप भी तुरंत पलटकर पूछ लेते हैं- “आप मुझ पर लट्टू हैं क्या?” सवाल सुनकर मल्लिका मुस्कुराती नजर आती हैं।
हथेली देखकर तेज प्रताप ने की भविष्यवाणी
शो में तेज प्रताप मल्लिका की हथेली देखकर उनकी भविष्यवाणी करते भी नजर आते हैं। वह कहते हैं कि उनका भविष्य उज्ज्वल है, लेकिन वह खर्च करने से खुद को रोक नहीं पातीं। मल्लिका इस बात पर सहमति जताती हैं।
इसके बाद तेज प्रताप कहते हैं कि कई लोगों ने उनका दिल तोड़ा है। मल्लिका भी इस बात पर हामी भरती दिखाई देती हैं।
एक ही राशि निकली तो खिलखिला उठे दोनों
तेज प्रताप मल्लिका की राशि पूछते हैं। मल्लिका बताती हैं कि उनकी राशि तुला है। तेज प्रताप कहते हैं कि उनकी राशि भी तुला है। दोनों इस संयोग पर हंसते हुए एक-दूसरे से हाथ मिलाते हैं।
मल्लिका इसके बाद पूछती हैं कि उन्हें कौन-सा रत्न पहनना चाहिए। तेज प्रताप अपनी अंगूठी दिखाते हुए उन्हें पुखराज पहनने की सलाह देते हैं और इसके प्रभाव के बारे में बताते हैं।
मल्लिका ने छेड़ा तो ब्लश करने लगे तेजू भैया
इसके बाद प्रोमो का सबसे मजेदार हिस्सा सामने आता है। मल्लिका मजाकिया अंदाज में तेज प्रताप को छेड़ते हुए पूछती हैं- “और कितना तेज चाहिए… तेज जी?”
मल्लिका के इस अंदाज पर तेज प्रताप हंसते हुए ब्लश करते नजर आते हैं। दोनों की यह मजेदार केमिस्ट्री प्रोमो में खूब दिखाई दे रही है।
साथ में वर्कआउट, तेज प्रताप बोले- ‘ई तो बहुत हार्ड है’
एक अन्य प्रोमो में मल्लिका शेरावत तेज प्रताप को अलग-अलग एक्सरसाइज और मूव्स कराती नजर आती हैं। तेज प्रताप भी उनके स्टेप्स कॉपी करने की कोशिश करते हैं, लेकिन कुछ मूव्स उनके लिए मुश्किल साबित होते हैं।
वर्कआउट के दौरान तेज प्रताप भोजपुरी अंदाज में कहते हैं- “एकदम, ई तो बहुत हार्ड है।”
‘थारी स्माइल’ पर भोजपुरी में मिला जवाब
वर्कआउट के दौरान मल्लिका तेज प्रताप की मुस्कान की तारीफ करती नजर आती हैं। जवाब में तेज प्रताप भी भोजपुरी अंदाज में मल्लिका की तारीफ करते हुए उनकी मुस्कान को लाजवाब बताते हैं।
‘भोजपुरी बवाल’ के प्रोमो सामने आने के बाद दोनों की मजेदार बातचीत और ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री सोशल मीडिया पर चर्चा में है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि शो के पूरे एपिसोड में तेज प्रताप और मल्लिका की यह नोकझोंक कितना रंग जमाती है।