लखीसराय: शहर में जाम की समस्या से निपटने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए परिवहन विभाग ने नो-एंट्री क्षेत्र में कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को चलाए गए विशेष जांच अभियान में नो-एंट्री में प्रवेश करने वाले पांच ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। इन वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 61 हजार रुपये का चालान किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि ने बताया कि बाईपास रोड स्थित जेल मोड़ और जिला परिवहन कार्यालय के समीप से मुड़ने वाली सड़क पर व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक है। इसमें ट्रैक्टर, ट्रक और पिकअप सहित अन्य व्यावसायिक वाहन शामिल हैं। इन वाहनों के प्रवेश से जाम की समस्या उत्पन्न होने और लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विशेष जांच अभियान चलाया गया।
स्टेशन रोड पर जाम, व्यवस्था पर भी उठ रहे सवाल
शहर में नो-एंट्री के बावजूद व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही के अलावा टोटो, टेम्पो और ठेला चालकों द्वारा सड़क किनारे वाहन खड़ा किए जाने से भी यातायात प्रभावित हो रहा है। खासकर लखीसराय रेलवे स्टेशन के आसपास मुख्य सड़क पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टोटो स्टैंड की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क किनारे ही वाहन खड़े होने लगते हैं, जिससे परेशानी बढ़ती है।
नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगा अभियान
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि नो-एंट्री और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा। विभाग ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग और नो-एंट्री व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
ये खबर भी पढ़े: लखीसराय में फिल्म देखने पहुंचे दर्शकों का अनोखा स्वागत, हाथ में हनुमान चालीसा, लड्डू और पानी की बोतल!
