रांची: रैंप से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक… झारखंड की बेटी दीपाली रिया के सफर ने एक नई पहचान बना ली है। मिस यूनिवर्स झारखंड-2026 का खिताब जीतने वाली बोकारो की दीपाली रिया ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अपनी सफलता की कहानी साझा की।
कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने दीपाली रिया को जीत की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बोकारो से रांची तक गूंजा दीपाली का नाम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दीपाली रिया ने मिस यूनिवर्स झारखंड-2026 का ताज अपने नाम कर न सिर्फ झारखंड बल्कि बोकारो जिले का भी गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता राज्य के दूसरे युवाओं और प्रतिभागियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
ताज जीतने तक का सफर किया साझा
मुलाकात के दौरान दीपाली रिया ने मुख्यमंत्री को 29 मार्च को रांची में आयोजित मिस यूनिवर्स झारखंड-2026 प्रतियोगिता में जीत हासिल करने तक के अपने सफर और अनुभवों के बारे में बताया।
उन्होंने बताया कि मेहनत, आत्मविश्वास और लगातार प्रयासों ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
CM बोले- प्रतिभाओं से भरा है झारखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड हमेशा से प्रतिभाओं की धरती रहा है। यहां के लोगों ने खेल, कला, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में देश-दुनिया में राज्य का नाम रोशन किया है।
दीपाली रिया की उपलब्धि को उन्होंने राज्य की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।