रांची: रांची की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों का पालन कराने निकले एक जवान को अपनी ड्यूटी निभाना भारी पड़ गया। हरमू रोड में अवैध पार्किंग पर कार्रवाई करने पहुंचे ट्रैफिक जवान के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, उनकी वर्दी फाड़ दी गई और सरकारी मोबाइल भी तोड़ दिया गया।
मामला सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के हरमू रोड स्थित द टाइल्स शॉप के सामने का है, जहां ट्रैफिक जवान ने सड़क पर खड़ी बड़ी गाड़ियों की फोटो लेकर चालान की कार्रवाई शुरू की थी। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि 7 जुलाई की दोपहर ट्रैफिक जवान मो. आमिर खां, दारोगा अशोक कुमार यादव और होमगार्ड जवान राजदेव उरांव के साथ न्यू मार्केट चौक से किशोरगंज मुख्य सड़क तक अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने की कार्रवाई कर रहे थे।
इसी दौरान हरमू रोड स्थित एक दुकान के सामने चार बड़ी गाड़ियां सड़क पर खड़ी मिलीं। जवान ने वाहन हटाने को कहा और बताया कि मुख्यमंत्री के एयरपोर्ट जाने के कारण वीवीआईपी रूट पर जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
लेकिन आरोप है कि वाहन हटाने के बजाय विवाद शुरू हो गया। जवान का कहना है कि गाड़ियों की तस्वीर लेने और ई-चालान की प्रक्रिया शुरू करने पर दुकान से कुछ लोग बाहर आए और बहस करने लगे।
आरोप है कि इसके बाद दोनों भाइयों ने ट्रैफिक जवान के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस दौरान जवान का कॉलर पकड़कर खींचा गया, जिससे उनकी सरकारी वर्दी फट गई। इतना ही नहीं, उनका सरकारी मोबाइल भी सड़क पर पटक दिया गया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया।
पीड़ित जवान ने सुखदेवनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि जब सड़क पर नियम लागू कराने वाले जवान ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों से ट्रैफिक नियमों के पालन की उम्मीद कैसे की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: सरसों तेल बना मौत की वजह? पलामू में एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत!